politics
हरदोई में प्रांतीय अध्यक्ष के नेतृत्व में शिक्षकों का धरना:25 सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षकों का धरना, बोले- मान-सम्मान से समझौता नहीं
हरदोई में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय परिसर में 25 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक चले प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीआईओएस को सौंपा। शिक्षकों ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली समेत सेवा सुरक्षा और अन्य सुविधाओं से जुड़ी मांगें उठाईं। कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष सोहनलाल वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मान-सम्मान से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। संगठन हर शिक्षक के अधिकार के लिए मजबूती से खड़ा है और समस्याओं के निस्तारण के लिए संघर्ष जारी रहेगा। OPS बहाली और सेवा सुरक्षा की मांग ज्ञापन में पुरानी पेंशन योजना (OPS) तत्काल बहाल करने की मांग प्रमुखता से शामिल रही। शिक्षकों ने शिक्षा सेवा चयन आयोग अधिनियम-2023 में धारा 12, 18 और 21 को दोबारा शामिल करने की मांग की। संगठन का कहना है कि इससे शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित होगी। राजकीयकरण और वित्तविहीन शिक्षकों के लिए नियमावली की मांग शिक्षकों ने राजकीयकरण के साथ वित्तविहीन शिक्षकों के लिए मजबूत नियमावली और मानदेय व्यवस्था लागू करने की मांग की। जर्जर विद्यालय भवनों और प्रयोगशालाओं की स्थिति सुधारने के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई। TGT को 'सहायक प्रवक्ता' पदनाम देने की मांग शिक्षकों ने TGT का पदनाम बदलकर 'सहायक प्रवक्ता' करने की मांग की। इसके अलावा 10 और 22 वर्ष की सेवा पूरी करने पर स्वतः चयन और प्रोन्नत वेतनमान देने तथा रिक्त प्रधानाचार्य पदों पर पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाने की मांग की गई। ऑनलाइन स्थानांतरण और महिला शिक्षकों को अतिरिक्त अवकाश ज्ञापन में एनओसी रहित पारदर्शी ऑनलाइन स्थानांतरण व्यवस्था लागू करने की मांग भी शामिल रही। महिला शिक्षकों के लिए प्रतिमाह दो दिन का विशेष अवकाश, ग्रीष्मावकाश के बदले एक माह का अर्जित अवकाश और एरियर भुगतान की समयबद्ध ऑनलाइन व्यवस्था की मांग उठाई गई। सैकड़ों शिक्षक रहे मौजूद धरना-प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष सुधीर गंगवार, जिला मंत्री वीरेंद्र कुमार राणा, जिला संरक्षक नीतीश कुमार वर्मा समेत संगठन के पदाधिकारी और सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे। शिक्षकों ने मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और ज्ञापन के माध्यम से सरकार से जल्द समाधान की मांग की।
Read full article on Bhaskar