top
हरदोई में 3 महीने की बच्ची की बीमारी से मौत:शराबी पिता ने पुलिस को दी हत्या की झूठी सूचना, जांच में खुली सच्चाई
हरदोई में पिहानी कोतवाली क्षेत्र के पुरवा हफीजुद्दीनपुर गांव में रविवार सुबह करीब 11 बजे 3 महीने की बच्ची की बीमारी से मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद उसके पिता ने पुलिस को हत्या की सूचना दे दी, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो बच्ची की मौत बीमारी से होने की बात सामने आई। पुलिस को फोन कर हत्या की सूचना दी बच्ची की मौत के तुरंत बाद उसके पिता ने पुलिस को फोन कर उसकी हत्या किए जाने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पिहानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटना की जानकारी जुटाई। जांच में हत्या की सूचना गलत निकली। दो महीने पहले पत्नी और बच्चों को घर से निकाला बच्ची की मां रीना की शादी करीब सात साल पहले मैगलगंज थाना क्षेत्र के कन्हैयागंज निवासी करुण कुमार से हुई थी। रीना के मुताबिक, उसका पति शराब का आदी है और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। रीना ने बताया कि करीब दो महीने पहले पति ने नशे की हालत में उसे और उसकी तीन माह की बेटी पूर्वी को पीटकर घर से निकाल दिया था। इसके बाद से वह अपने पांच साल के बेटे गौरव और बेटी पूर्वी के साथ मायके में रह रही थी। बीमारी से जूझ रही थी बच्ची रीना के मुताबिक, पूर्वी की तबीयत काफी समय से खराब थी। उसका इलाज महोली से कराया जा रहा था। तीन-चार दिन पहले बच्ची की हालत ज्यादा बिगड़ी तो उसने पति को फोन कर इसकी जानकारी दी, लेकिन वह बच्ची को देखने नहीं आया। रीना ने 10 सितंबर को इस मामले में मैगलगंज थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। रविवार को बच्ची की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा कोतवाल श्याम नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में बच्ची की मौत बीमारी के कारण होने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
Read full article on Bhaskar