politics
हनुमानगढ़ में डिग्गी अनुदान राशि अटकी, किसान करेंगे आंदोलन:21 अगस्त से जिला कलेक्ट्रेट के बाहर बेमियादी पड़ाव की घोषणा
हनुमानगढ़ में अटल भूजल योजना के तहत निर्मित डिग्गियों की अनुदान राशि का भुगतान नहीं होने से नाराज किसानों ने आंदोलन की घोषणा की है। मंगलवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में किसान नेताओं ने बताया कि 21 अगस्त से जिला कलेक्ट्रेट के सामने बेमियादी पड़ाव डाला जाएगा। किसानों का कहना है कि जब तक बकाया अनुदान राशि का भुगतान नहीं होता, तब तक यह पड़ाव जारी रहेगा। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रेशम सिंह माणुका ने जानकारी दी कि वर्ष 2024-25 में अटल भूजल योजना के तहत लगभग 829 डिग्गियों के लिए प्रशासनिक स्वीकृति जारी हुई थी। किसानों ने फरवरी-मार्च में डिग्गियों का निर्माण करवाया था। उन्हें 15-20 दिन के भीतर प्रति डिग्गी लगभग 3 लाख रुपए की अनुदान राशि मिलने का आश्वासन दिया गया था। इसी उम्मीद में किसानों ने फसलें नष्ट कर डिग्गियों का निर्माण कराने के लिए साहूकारों या अन्य स्रोतों से ब्याज पर पैसा लिया था। किसानों का आरोप है कि लगभग दो साल बीत जाने के बावजूद अभी तक अनुदान राशि का भुगतान नहीं हुआ है। उनका कहना है कि करीब तीन लाख रुपए की राशि पर प्रतिवर्ष लगभग 72 हजार रुपए तक ब्याज का भार पड़ रहा है, जिसे किसान लगातार वहन कर रहे हैं। किसानों ने स्थानीय प्रशासन, प्रभारी मंत्री, प्रभारी सचिव और संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों को कई बार इस समस्या से अवगत कराने का दावा किया है। हाल ही में हनुमानगढ़ आए किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी के समक्ष भी यह मामला उठाया गया था, जहां उन्हें जल्द भुगतान का आश्वासन मिला था। किसान नेताओं का आरोप है कि आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक किसी अधिकारी या कर्मचारी ने संबंधित किसानों से संपर्क कर भुगतान की स्थिति स्पष्ट नहीं की है।
Read full article on Bhaskar