crime
हाइड्रा चालक की मौत,भतीजे के लिए ले जाना था केक:कोरबा के उरगा मुख्य मार्ग पर मिला शव, सिविल लाइन पुलिस जांच में जुटी
कोरबा जिले के उरगा मुख्य मार्ग पर एक हाइड्रा वाहन ड्राइवर की मौत हो गई। उसका शव वाहन के नीचे पड़ा मिला। पुलिस को शक है कि किसी दूसरे वाहन की टक्कर से उसकी जान गई है। यह घटना मंगलवार दोपहर की है। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। शव को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 26 वर्षीय सोनू यादव के रूप में हुई है। वह शक्ति जिले के नगरदा का रहने वाला था। सोनू पिछले तीन साल से एक निजी कंपनी का हाइड्रा वाहन चला रहा था। वह हर दो-तीन दिन में घर आता-जाता था। सोनू तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी शादी को दो साल हुए थे और उसका एक छोटा बच्चा भी है। मंगलवार को सोनू के बड़े भाई के बेटे का जन्मदिन था। सोनू अपने भतीजे के लिए केक लेकर घर जाने वाला था। उसने फोन पर घर में बात भी की थी और जन्मदिन पर पहुंचने की बात कही थी। जब वह समय पर घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर लगातार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। मंगलवार दोपहर उरगा मुख्य मार्ग पर हाइड्रा वाहन खड़ा था और सोनू यादव उसके नीचे पड़ा था। राहगीरों ने उसे उठाकर जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शव को मेडिकल कॉलेज के शव कक्ष में रखा गया। बुधवार को आगे की कार्रवाई की गई। मेडिकल कॉलेज ने सिविल लाइन थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस का कहना है कि यह सड़क हादसा लग रहा है। हालांकि, किसी वाहन ने टक्कर मारी या हाइड्रा वाहन से ही कोई दुर्घटना हुई, यह जांच के बाद ही पता चलेगा।
Read full article on Bhaskar