crime
घर से जेवर और 2 लाख लेकर युवती लापता:पिता ने 3 भाइयों पर भगाने का लगाया आरोप; पुलिस ने केस दर्ज किया
हरदोई में बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर युवती घर से लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और 2 लाख रुपए नकद लेकर लापता हो गई। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। युवती का पता नहीं चलने पर पिता ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने गुरुवार सुबह 11:16 बजे अपहरण की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक, युवती 12 अगस्त की दोपहर घर से निकली थी। देर शाम तक उसके वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। पिता का आरोप है कि युवती घर से लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और 2 लाख रुपए नकद भी लेकर गई है। युवक पर बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप परिवार की ओर से की गई छानबीन के दौरान पिता को जानकारी मिली कि फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र के कोला सोता (हरपालपुर) निवासी पिंटू नाम का युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पिता ने आरोप लगाया कि पिंटू के दो सगे भाइयों मनोज और छोटू ने भी युवती को ले जाने में उसका सहयोग किया। तीनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज पीड़ित पिता ने पिंटू, मनोज और छोटू के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने पुलिस को मुख्य आरोपी का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। लोकेशन ट्रेस कर युवती की तलाश थानाध्यक्ष मार्कंडेय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। युवती की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवती को जल्द बरामद कर आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar