crime
घर और मंदिर में चोरी करने वाले 3 चोर गिरफ्तार:2 वारदातें कबूली, चोरी गए सोने-चांदी गहने किए बरामद
सागर की मोतीनगर पुलिस ने चोरी कर भागे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग शामिल है। थाने लाकर आरोपियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने दो वारदातें कबूली है। उनके कब्जे से चोरी में गए सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को फरियादी देवेंद्र साहू उम्र 59 वर्ष निवासी ढोलक बीड़ी ऑफिस के पीछे, केशवगंज वार्ड ने शिकायत की। शिकायत में बताया कि वह 5 सितंबर को अपनी पत्नी के साथ घर पर ताला लगाकर वृंदावन और खाटूश्याम की यात्रा पर गया था। इस दौरान घर पर कोई मौजूद नहीं था। यात्रा कर वापस आने पर फरियादी ने देखा कि घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला और अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। अलमारी में रखे सोने का हार, मंगलसूत्र, एक जोड़ी झुमकी, चेन, अंगूठी, सोने के टॉप्स, दो सोने की गुरिया, चांदी की चार जोड़ी पायल, चांदी की चेन, बिछिया और करीब 1,000 के सिक्के गायब थे। पूछताछ में दो वारदात स्वीकार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगाई गई। टीम ने जांच करते हुए संदेही सूरज पिता कन्हैयालाल अहिरवार उम्र 21 वर्ष निवासी संतकबीर वार्ड, हाल बेनी साहू होटल के पास, प्रिंस उर्फ गरी पिता राजेन्द्र राज अहिरवार उम्र 19 वर्ष निवासी सूबेदार वार्ड और 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया। थाने लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने उक्त चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। आरोपियों की निशानदेही व उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और अन्य संपत्ति जब्त की गई। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में अप्रैल माह में मंगलगिरी पहाड़ी पर बने जैन मंदिर की दानपेटी भी चोरी करना बताया है। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
Read full article on Bhaskar