crime
घर में सोता रहा परिवार, जीने के रास्ते घुसे चोर:बक्सा खोलकर जेवर-20 हजार रुपए उड़ाए, परिवार को भनक तक नहीं लगी
कानपुर में सचेंडी थाना क्षेत्र के भिसार गांव में रविवार रात चोर घर में सो रहे परिवार को भनक तक लगे बिना जीने के रास्ते मकान में दाखिल हो गए। दूसरे कमरे में रखे बड़े बक्से का ताला खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और 20 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ली। वारदात के बाद चोर उसी रास्ते से फरार हो गए। सोमवार सुबह परिवार की नींद खुली तो दूसरे कमरे में बक्सा खुला पड़ा मिला। सामान बिखरा देखकर परिवार के होश उड़ गए। सूचना पर सचेंडी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पत्नी और मां के साथ सो रहे थे रामवीर भिसार गांव निवासी रामवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि 23 अगस्त की रात वह पत्नी पूजा और मां अनुसुइया देवी के साथ घर में सो रहे थे। देर रात किसी समय चोर जीने के रास्ते मकान में घुसे। परिवार के लोग घर में मौजूद थे, लेकिन चोर दूसरे कमरे तक पहुंच गए। वहां रखे बड़े बक्से को खोलकर उसमें रखे जेवर और नकदी समेट ली। इसके बाद उसी रास्ते से बाहर निकल गए। हार, कंगन और अंगूठियां चोरी रामवीर के अनुसार, चोर बक्से में रखा सोने का हार, चार कंगन, पांच अंगूठियां, एक हाफ पेटी और झुमकी ले गए। इसके अलावा चांदी की पायल और 20 हजार रुपए नकद भी चोरी हुए हैं। सुबह बक्सा खुला और जेवर-नकदी गायब मिलने पर परिवार ने पुलिस को सूचना दी। घर और जीने के रास्ते का किया निरीक्षण सूचना पर सचेंडी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घर के अंदर और जीने वाले रास्ते का बारीकी से निरीक्षण किया। परिवार के सदस्यों के साथ आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की गई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोर किस रास्ते से आए और वारदात के बाद किस दिशा में भागे। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले चोरों ने घर की रेकी की होगी। संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। थाना प्रभारी सचेंडी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Read full article on Bhaskar