top
गोरखपुर केंद्रीय विद्यालय में स्काउट शिविर:तृतीय सोपान परीक्षण का हुआ समापन, छात्रों ने सीखा अनुशासन आत्मनिर्भरता कौशल
गोरखपुर में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, वायुसेना स्थल पर आयोजित तीन दिवसीय भारत स्काउट और गाइड के तृतीय सोपान परीक्षण शिविर का समापन हो गया। 11 सितंबर से प्रारंभ हुए इस शिविर के अंतिम दिन मुख्य अतिथि और विद्यालय के प्राचार्य बैरिस्टर पाण्डेय ने स्काउट्स के अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए शिविर के सफल आयोजन की घोषणा की। समापन समारोह में शिविर प्रमुख (एलओसी) राधा वल्लभ मिश्रा ने तीन दिनों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि वाराणसी संभाग के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों से आए स्काउट्स ने कठिन परीक्षाओं को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया। उन्होंने सभी परीक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया जिन्होंने निष्पक्षता से मूल्यांकन कार्य संपन्न कराया। मुख्य अतिथि बैरिस्टर पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि इन तीन दिनों में स्काउट्स ने जो अनुशासन, आत्मनिर्भरता और टीम भावना सीखी है, वह उनके जीवन में काम आएगी। उन्होंने सफल स्काउट्स को बधाई दी और उम्मीद जताई कि ये प्रतिभागी भविष्य में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त कर विद्यालय और देश का नाम रौशन करेंगे। शिविर के मुख्य आकर्षणों में 12 सितंबर की शाम को आयोजित 'ग्रैंड कैंप फायर' और स्काउट्स द्वारा साहसिक गतिविधियों का प्रदर्शन रहा। इस कार्यक्रम में वाराणसी संभाग के स्काउट्स ने टेंट निर्माण, प्राथमिक चिकित्सा और गांठ बांधने की कला के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों, देशभक्ति गीतों और लोक नृत्यों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। शिविर को सफल बनाने में मुख्य परीक्षक सुकुमार श्रीवास्तव, विकास कुमार मिश्रा, दीपक कुमार, बृजभान और आशीष कुमार त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्हें प्राचार्य बैरिस्टर पाण्डेय द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ शिविर के औपचारिक समापन की घोषणा की गई।
Read full article on Bhaskar