top
एनबीसीसी की देरी पर वेरोना हाइट्स के खरीदारों का प्रदर्शन:पजेशन में देरी के खिलाफ खोला मोर्चा, बैंक EMI और किराए से परेशान
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के वेरोना हाइट्स के सैकड़ों फ्लैट खरीदारों ने पजेशन में हो रही लगातार देरी के विरोध में रविवार को प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन लेजर वैली स्थित वेरोना हाइट्स गेट नंबर 1 पर शांतिपूर्ण तरीके से हुआ। इसमें बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों सहित कई परिवार शामिल हुए। खरीदारों का आरोप है कि एनबीसीसी के वरिष्ठ अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए गायब हो गए हैं। वर्षों से अपने सपनों के घर का इंतजार कर रहे खरीदारों ने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि वे एक तरफ बैंक की भारी EMI दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उन्हें मकान का किराया भी देना पड़ रहा है। एनबीसीसी बार-बार आश्वासन दे रहा है, लेकिन निर्माण कार्य की रफ्तार बहुत धीमी है। पजेशन की कोई तय तारीख भी नहीं बताई जा रही है। प्रदर्शन के दौरान खरीदारों ने तख्तियां लेकर "घर पाना हमारा अधिकार है, NBCC की देरी पर अब हमारा प्रहार है" जैसे नारे लगाए। फ्लैट खरीदारों की मुख्य मांगें ये हैं: 1. एनबीसीसी पजेशन की एक लिखित में तय समय-सीमा बताए। 2. निर्माण कार्य की सही और नियमित रिपोर्ट सार्वजनिक करे। 3. एनबीसीसी और खरीदारों के प्रतिनिधियों के बीच नियमित और खुली बातचीत होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "हम पिछले कई सालों से मानसिक और आर्थिक परेशानी झेल रहे हैं। हमारा यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण है। इसका मकसद सिर्फ एनबीसीसी का ध्यान हमारी समस्याओं की ओर खींचना है। अगर जल्द ही हमारी मांगों पर कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और तेज करेंगे।"
Read full article on Bhaskar