top
छात्रों से अधिक शिक्षक वाले स्कूल रडार पर:149 सरकारी-एडेड स्कूलों का होगा सत्यापन
आगरा के शासकीय और सहायता प्राप्त स्कूलों (एडेड)में छात्रों से अधिक शिक्षक वाले स्कूल अब विभाग के रडार पर हैं। ऐसे स्कूलों का चिन्हांकन कर छात्रों और शिक्षकों की संख्या का डाटा तैयार कराया जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS)रविंद्रपाल सिंह तोमर ने जिले के सभी शासकीय और एडेडे स्कूलों का ब्योरा तैयार करा हैं। डाटा तैयार होने के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। जिले में यूपी बोर्ड से मान्यता प्राप्त कुल 920 स्कूल संचालित हैं। इनमें 40 राजकीय, 109 सहायता प्राप्त और 771 निजी स्कूल शामिल हैं। डीआईओएस रविंद्रपाल सिंह तोमर के अनुसार, उनके संज्ञान में आया है कि जिले के कुछ राजकीय और सहायता प्राप्त स्कूलों में छात्रों की संख्या के अनुपात में शिक्षकों की संख्या अधिक है। इसे देखते हुए सभी 149 राजकीय और सहायता प्राप्त स्कूलों में छात्र-शिक्षक संख्या का ब्योरा तैयार कराया जा रहा है। एडेड स्कूलों में छात्र कम, शिक्षक ज्यादा विभागीय जानकारी के अनुसार, जिले में 109 सहायता प्राप्त स्कूल हैं। इनमें करीब 30 से 35 स्कूल ऐसे हैं, जहां कई कक्षाओं में छात्रों की संख्या 10 से भी कम है। छात्रों की कम संख्या के चलते कई विषयों की नियमित कक्षाएं भी नहीं लग पा रही हैं। ऐसे स्कूलों को ही प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया जा रहा है। डीआईओएस ने बताया कि तैयार होने वाले डाटा में स्कूलवार छात्रों और शिक्षकों की संख्या का मिलान किया जाएगा। इसके बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। शिक्षकों की संख्या अधिक पाए जाने वाले स्कूलों और शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों को ध्यान में रखते हुए आगे का निर्णय शासन स्तर से लिया जाएगा।
Read full article on Bhaskar