business
बैतूल में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल, कामकाज ठप:PNB से SBI क्षेत्रीय कार्यालय तक निकाली रैली; 5 दिन वर्किंग की मांग
बैतूल में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर शुक्रवार को राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारी और अधिकारी एक दिन की हड़ताल पर रहे। इससे जिले के सरकारी बैंकों की शाखाओं में कामकाज प्रभावित हुआ और कई जगह ताले लटके रहे। बैंक कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और रैली निकाली। करीब 400 कर्मचारी और अधिकारी सुबह पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की मुख्य शाखा परिसर में एकत्र हुए और मांगों के समर्थन में नारे लगाए। PNB परिसर से SBI कार्यालय तक निकाली रैली बैंक कर्मचारियों ने PNB परिसर से बैनर और तख्तियां लेकर रैली निकाली। रैली शहर के मुख्य रास्तों से होते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंची। यहां कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई। PNB के सामने हुई सभा को मनोज वाधवा, घनश्याम पटेरिया, मिलिंद पात्रीकर, अलकेश झपाटे, वैभव सोनारे, विवेक नरवरे और दीपक घोंघरकर समेत कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया। पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग बैंक कर्मचारियों की मुख्य मांग सभी शनिवारों की छुट्टी घोषित कर पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है। इसके अलावा वे परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) के वितरण में कथित भेदभाव खत्म कर एक समान और पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों ने बैंक प्रबंधन और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ द्विपक्षीय बातचीत की प्रक्रिया फिर से शुरू करने की मांग भी रखी। बैंकिंग सेवाएं प्रभावित, डिजिटल सेवाएं सामान्य एक दिन की हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में रोजमर्रा के लेन-देन और अन्य बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ा। हालांकि डिजिटल बैंकिंग, UPI और एटीएम जैसी सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। बैंक कर्मचारियों ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर संगठन स्तर पर आगे भी आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
Read full article on Bhaskar