crime
बेटी की छठी संस्कार में पिता की करंट से मौत:कन्नौज में डीजे बंद करते समय जमीन पर गिरा, एक साल पहले हुई थी शादी
कन्नौज के छिबरामऊ के नगला बरी गांव में करंट लगने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की छह दिन की मासूम बेटी है, जिसके जन्म के कुछ ही दिन बाद पिता का साया उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पहचान एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र के ग्राम अमृतपुर निवासी रोहित उर्फ कल्लू (20) पुत्र रनवीर सिंह के रूप में हुई है। वह काफी समय से अपनी बुआ के घर नगला बरी में रह रहा था, क्योंकि उनकी कोई संतान नहीं थी। इस कारण रोहित का अपने बुआ के परिवार से गहरा लगाव था। रोहित की बेटी का जन्म छह दिन पहले हुआ था। मंगलवार को बेटी के छठी संस्कार का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान करीब तीन बजे रोहित डीजे बंद करने के लिए गया था। तभी वह अचानक करंट की चपेट में आ गया और बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए सौ शैय्या अस्पताल छिबरामऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के बड़े भाई जितेंद्र ने बताया कि रोहित की शादी 7 मई 2025 को शाहजहांपुर जिले के हरेली गांव निवासी संध्या के साथ हुई थी। मृतक की पत्नी संध्या और मां सावित्री देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छह दिन की मासूम बेटी को देखकर हर किसी की आंखें नम हो जा रही हैं।
Read full article on Bhaskar