crime
बांसवाड़ा में 1.18 करोड़ की लूट का खुलासा:नाले में पार्टी करते 4 गिरफ्तार; एक कर रहा था सरपंच बनने की तैयारी
बांसवाड़ा जिले की आंबापुरा थाना पुलिस और साइबर सेल ने नेशनल हाईवे 927 ए पर स्थित महाराणा प्रताप सेतु गेमन पुल पर हुई 1.18 करोड़ रुपये की लूट की वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 4 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया- आरोपियों से पूछताछ कर लूटी गई रकम और वारदात में इस्तेमाल वाहन की बरामदगी के प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं। पीड़ित ड्राइवर ने 18 लाख रुपए लूट की रिपोर्ट दी थी, जबकि लूट 1 करोड़ 18 लाख रुपए की हुई थी। ड्राइवर को 18 लाख की ही जानकारी थी। जानिए क्या है पूरा घटनाक्रम शिकायतकर्ता मोहन (30) पुत्र अमरेग निवासी ठिकरिया, थाना रजतलाब ने आंबापुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया- मैं विवेक जैन निवासी बाहूबली कॉलोनी के यहां ड्राइविंग और मुनिम का काम करता हूं। 17 सितंबर 2026 को मैं और मेरा साथी मुकेश पुत्र विठला मईड़ा स्विफ्ट डिजायर कार से रतलाम गए थे। विवेक जैन के कहने पर दो लोगों से रकम लेकर गाड़ी की पिछली सीट पर रखी और रात 8:30 बजे बांसवाड़ा के लिए निकले। रात करीब 10:05 बजे जब गेमन पुल पार करके माता जी के मंदिर के पास पहुंचे, तो मुख्य सड़क पर अचानक एक ट्रैक्टर आ गया, जैसे ही कार रोकी, पीछे से बिना नंबर की एक और स्विफ्ट डिजायर कार आकर रुकी, उसमें से 3-4 बदमाश उतरे और लाठी-तलवार से हमारी गाड़ी पर हमला कर दिया। बदमाशों ने गाड़ी को लॉक कर कांच तोड़ दिए, दरवाजा खोलकर हमें बाहर खींचा और कार में रखा रुपयों का पार्सल व मोबाइल लूटकर बांसवाड़ा की तरफ भाग गए। ऐसे हत्थे चढ़े आरोपी एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन में आंबापुरा थानाधिकारी निर्भय सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सहायता, मुखबिरों का जाल बिछाया और संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी। जांच के दौरान पुलिस को 24 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध अजय डिण्डोर, मोहनलाल राणा, कन्हैयालाल उर्फ कानू और प्रकाश कटारा गणाउ में सुनसान जगह पर एक नाले में शराब पार्टी कर रहे हैं, सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस से बचने के प्रयास में भागने के दौरान अजय डिण्डोर और मोहनलाल राणा पत्थरों पर गिर पड़े, जिससे उनके पैरों में चोटें आईं। पुलिस ने चारों आरोपियों को दबोच लिया और थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया, पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड (PC) पर लिया गया है। थानाधिकारी ने बताया कि इनमें एक आरोपी सरपंच का चुनाव लड़ने वाला था। इसलिए वह लूट की साजिश में शामिल हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों का पीसी रिमांड लेकर पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम अजय पुत्र सत्तू डिण्डोर (उम्र 34 वर्ष), निवासी- डामरवासा नवागांव, थाना सदर, बांसवाड़ा. मोहनलाल पुत्र नवलसिंह राणा (उम्र 33 वर्ष), निवासी- भुतिया डुगरी, थाना सदर, बांसवाड़ा. प्रकाश पुत्र मंगला कटारा (उम्र 39 वर्ष), निवासी- धनपुरा, बोदला, थाना सदर, बांसवाड़ा. कन्हैयालाल उर्फ कानू पुत्र नाथूलाल कटारा (उम्र 36 वर्ष), निवासी- गणाउ, थाना सदर, बांसवाड़ा. इन पुलिसकर्मियों की रही विशेष भूमिका: खुलासे में थानाधिकारी आंबापुरा निर्भय सिंह के साथ ASI गजराजसिंह (विशेष योगदान), विशाल सिंह(ASI राजतालाब), रवि कुमार थापा (ASI सज्जनगढ़), हेड कांस्टेबल शंकरलाल (विशेष योगदान), गजेन्द्रसिंह (हेड सदर), पुष्पराजसिंह, हितैश पाटीदार, भागचन्द, जोर सिंह, धीरेन्द्र सिंह (थाना आंबापुरा) और धीरूज (साइबर सैल, बांसवाड़ा) की टीम का सराहनीय योगदान रहा।
Read full article on Bhaskar