top
बाराबंकी में PWD कार्यालय में लगी आग:कंप्यूटर-फोटोकॉपी मशीन समेत सामान जला, शॉर्ट सर्किट से हादसा
बाराबंकी में PWD के प्रांतीय खंड कार्यालय में शनिवार शाम करीब 7 बजे अचानक भीषण आग लग गई। अधिशासी अभियंता कार्यालय के पास बने कंप्यूटर ऑपरेटर और स्टेनो कक्ष से धुआं उठता देखकर कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन का है। कंप्यूटर और फोटोकॉपी मशीन जली आग की चपेट में आने से कमरे में रखी फोटोकॉपी मशीन, कंप्यूटर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कार्यालय का अन्य सामान जल गया। कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड भी आग से प्रभावित होने की आशंका है। विभागीय अधिकारी फिलहाल नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग की वास्तविक वजह और इससे हुए नुकसान की स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। दमकल ने समय रहते आग पर पाया काबू आग और धुएं की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे यह कार्यालय के दूसरे कमरों और अन्य हिस्सों तक फैलने से बच गई। सरकारी कार्यालयों तक फैल सकता था खतरा PWD कार्यालय कचहरी परिसर के आसपास स्थित है। इसके नजदीक पुलिस अधीक्षक कार्यालय समेत कई सरकारी कार्यालय हैं। ऐसे में आग के समय रहते नियंत्रित नहीं होने पर आसपास के सरकारी भवनों तक इसके फैलने का खतरा था। दमकल कर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। अधिकारी मौके पर पहुंचे घटना की जानकारी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग लगने के कारणों और नुकसान की विस्तृत जानकारी जुटा रही हैं।
Read full article on Bhaskar