top
बलिया में प्रोबेशनर सिपाही बर्खास्त:पुलिस अधीक्षक ने पुलिस सेवा से हटाया, कोचिंग से लौट रही छात्रा से की थी छेड़खानी
बलिया में दोकटी थाना क्षेत्र की लालगंज चौकी पर तैनात प्रोबेशनर सिपाही पंकज गुप्ता को छेड़खानी के मामले में शनिवार को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को कोचिंग से साइकिल से घर लौट रही बालिका के साथ छेड़खानी की सूचना मिली थी। शिकायत के आधार पर दोकटी थाने में केस दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय स्तर पर जांच और कार्रवाई शुरू की गई। इसके बाद 12 सितंबर को पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने प्रोबेशन अवधि में तैनात सिपाही पंकज गुप्ता को उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया। पुलिस के अनुसार, पुलिस बल एक अनुशासित संगठन है और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रोबेशन अवधि में इस तरह के गंभीर मामले में नाम सामने आना गंभीर कदाचार और अनुशासनहीनता माना गया। विभागीय अनुशासन और जनहित को देखते हुए बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Read full article on Bhaskar