education
बलरामपुर- सिविल सर्विसेज की तैयारी को लेकर करियर काउंसलिंग सेमिनार आयोजित
बलरामपुर- एमएलके पीजी कॉले के करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल तथा दृष्टि आईएएस, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय में सिविल सर्विसेज की तैयारी को लेकर करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की मुख्य कुलानुशासन प्रोफेसर बीना सिंह, दृष्टि आईएएस से पधारे मुख्य वक्ता डीपीएन सिंह, करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के संयोजक डॉ. ऋषि रंजन पांडेय एवं उपस्थित सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मुख्य वक्ता डीपीएन सिंह ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि सिविल सर्विसेज की तैयारी के लिए निरंतर अध्ययन, अनुशासन और सही रणनीति आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि महाविद्यालय में अध्ययन के दौरान ही सिविल सर्विसेज की तैयारी शुरू की जा सकती है। इसके लिए विद्यार्थियों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा निकालकर एनसीईआरटी की पुस्तकों का अध्ययन करना चाहिए। साथ ही समाचार-पत्रों के संपादकीय अंश को नियमित रूप से पढ़ने तथा सिविल सर्विसेज की पिछली परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों को हल करने की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सुनियोजित रणनीति, निरंतर मेहनत और कुशल मार्गदर्शन के माध्यम से विद्यार्थी सिविल सर्विसेज जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकते हैं। इस अवसर पर करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के संयोजक डॉ. ऋषि रंजन पांडेय ने दृष्टि आईएएस के फैकल्टी एवं सपोर्ट स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में प्लेसमेंट सेल के सदस्य डॉ. राम रईस ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में प्लेसमेंट सेल के सदस्य डॉ. वसंत कुमार, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. बी.एल. गुप्ता, डॉ. अनुज सिंह, डॉ सुनील शुक्ला एवं डॉ. स्वदेश भट्ट सहित महाविद्यालय के 250 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। हिन्दी संवाद न्यूज से रिपोर्टर वी. संघर्ष बलरामपुर। l
Read full article on Hindi News, हिंदी समाचार, Samachar, Today News, Br