crime
बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली बिजली के पोल से टकराई:शिवपुरी में तारों में चालू था करंट, पोल सड़क की तरफ झुका, टला बड़ा हादसा
शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र के कमलागंज स्थित घोसीपुरा में शुक्रवार दोपहर बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर के बाद पोल सड़क की ओर आधा झुक गया। बिजली के तारों में करंट चालू था। इससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि हादसे में किसी को चोट नहीं आई। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे की है। करौंदी निवासी गोकुल प्रजापति ट्रैक्टर चला रहा था। बताया गया है कि ट्रैक्टर ग्वालियर बाईपास निवासी धर्मेंद्र कुशवाह का है। अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर बिजली के पोल से जा भिड़ी। करंट के डर से बिजली विभाग को सूचना दी टक्कर के बाद बिजली का पोल सड़क की ओर खतरनाक स्थिति में झुक गया। तारों में करंट होने के कारण आसपास के लोगों को किसी बड़े हादसे की आशंका हुई। लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने पोल और तारों की स्थिति देखी और जरूरी सावधानी बरती। विभाग की टीम ने जल्द कार्रवाई कर स्थिति को संभाल लिया। ट्रैक्टर मालिक ने पोल ठीक कराने की बात कही हादसे की जानकारी मिलने पर ट्रैक्टर मालिक धर्मेंद्र कुशवाह भी मौके पर पहुंच गए। बिजली विभाग के कर्मचारियों और ट्रैक्टर मालिक के बीच बातचीत के बाद मामला सुलझा लिया गया। ट्रैक्टर मालिक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए टूटे और झुके बिजली के पोल को अपने खर्चे पर ठीक कराने का भरोसा दिया। हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही। किसी के घायल नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि पोल और बिजली के तारों में करंट होने के कारण हादसा बड़ा रूप ले सकता था।
Read full article on Bhaskar