crime
बिजनौर में बब्बू लंगड़ा गिरोह पर 5 और मुकदमे दर्ज:प्रॉपर्टी विवाद में झूठे केस दर्ज कराकर समझौते का दबाव बनाने का आरोप, अब तक 7 गिरफ्तार
बिजनौर में हनीट्रैप और फर्जी मुकदमों से जुड़े मामलों में बब्बू लंगड़ा गिरोह पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। गिरोह के सदस्यों के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में पांच और मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही गिरोह से जुड़े लोगों पर दर्ज मुकदमों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। पुलिस ने सभी मामलों की जांच शुरू कर दी है। एसपी केके विश्नोई ने बुधवार शाम 4 बजे इसकी जानकारी दी। मामला 6 सितंबर को सामने आया था। शहर कोतवाली क्षेत्र के काजीपाड़ा उमर कॉलोनी निवासी मोहम्मद अहसान ने बब्बू लंगड़ा गिरोह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अहसान मुरादाबाद में जेई के पद पर तैनात हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि गिरोह के लोगों ने उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने और केस वापस लेने के नाम पर पैसों की मांग की। शिकायत के बाद पुलिस ने गिरोह के सरगना जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद पुलिस ने गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की। 14 सितंबर को पुलिस ने भागूवाला निवासी पीएसी जवान मोहम्मद आसिफ और झालू निवासी प्रॉपर्टी डीलर दिलशाद को गिरफ्तार कर उनका चालान किया था। शहर कोतवाली में 2, स्योहारा में 2 केस पुलिस के मुताबिक, अब पांच और मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें शहर कोतवाली में दो, स्योहारा में दो और नजीबाबाद में एक मुकदमा शामिल है। इस तरह जिले में गिरोह के सदस्यों के खिलाफ कुल 11 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। एसपी केके विश्नोई ने बताया कि गिरोह के सरगना बब्बू लंगड़ा और उसके सात सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि कुछ अन्य लोगों ने जनसुनवाई के दौरान भी शिकायतें दी थीं, जिसके आधार पर नए मुकदमे दर्ज किए गए हैं। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। एसपी के अनुसार, पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के लोग प्रॉपर्टी विवादों में फैसला नहीं होने पर झूठे रेप, गैंगरेप और छेड़छाड़ के मुकदमे दर्ज करवाते थे। इसके बाद दबाव बनाकर समझौता कराने का प्रयास किया जाता था। एसपी ने ऐसे मामलों से पीड़ित अन्य लोगों से भी पुलिस के सामने शिकायत करने की अपील की है।
Read full article on Bhaskar