politics
भाजपा ब्रज क्षेत्र की मथुरा में हुई बैठक:संगठन को धार देने पर किया मंथन, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह रहे मौजूद
भारतीय जनता पार्टी ब्रज क्षेत्र की क्षेत्रीय कार्यसमिति एवं जिलाध्यक्ष की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक शनिवार को सरस्वती कुंड परिणय गार्डन मथुरा में चार सत्रों में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने को लेकर मंथन किया गया। संगठन महामंत्री ने किया शुभारंभ बैठक का शुभारंभ संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, ब्रज क्षेत्र प्रभारी एवं महामंत्री गीता शाक्य, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन सिंह लोधी, प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी, भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव एवं जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे ने दीप प्रज्वलित कर किया। शुभारंभ के पश्चात संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने संगठनात्मक कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय से होती है। मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने की आवश्यकता है। कार्यकर्ताओं से बनाए रखें संपर्क संघठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने पदाधिकारियों से संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने और कार्यकर्ताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय से संगठनात्मक कार्यों को और गति मिलती है। प्रथम सत्र में धर्मपाल सिंह ने ब्रज क्षेत्र के विधायकों के साथ अलग से संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया और क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों को लेकर चर्चा की। संगठनात्मक गतिविधियों की हो समीक्षा ब्रज क्षेत्र प्रभारी एवं महामंत्री गीता शाक्य ने संगठनात्मक कार्यों में निरंतरता और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा बनाई गई कार्ययोजना का प्रभाव तभी दिखाई देता है, जब उसे मंडल और बूथ स्तर तक पूरी सक्रियता के साथ पहुंचाया जाए। उन्होंने पदाधिकारियों से कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा और निर्धारित दायित्वों के जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन पर भी जोर दिया। ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष ने किया संबोधित ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन सिंह लोधी ने कहा कि संगठन की मजबूती में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने मंडल एवं बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संपर्क में रहें और संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी प्रत्येक स्तर तक पहुंचाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता के साथ संगठन के कार्यक्रमों में सहभागिता करने का आह्वान किया। 4 सत्र में आयोजित हुई बैठक जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि बैठक चार सत्रों में आयोजित हुई। प्रथम सत्र में संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने विधायकों के साथ विचार-विमर्श किया। द्वितीय सत्र में ब्रज क्षेत्र कार्यसमिति की बैठक हुई। तृतीय सत्र में मथुरा महानगर एवं जिला के सभी मंडल अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की गई। चतुर्थ सत्र में मथुरा की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के पूर्व पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता बृज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन सिंह लोधी,संचालन बृज क्षेत्र महामंत्री संजीव शर्मा ने किया।
Read full article on Bhaskar