crime
भिंड में अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों ने ऊमरी थाना घेरा:तीन आरोपी गिरफ्तार; दूसरी प्रतिमा, CCTV और बाउंड्रीवॉल बनाने की मांग
भिंड के ऊमरी थाना क्षेत्र के ग्राम सींगपुरा में मंगलवार रात बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। बुधवार सुबह प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दोपहर में बड़ी संख्या में ग्रामीण ऊमरी थाना पहुंचे और घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जांच के बाद तीन आरोपियों तेज भदौरिया, गोरे भदौरिया और प्रशांत भदौरिया को गिरफ्तार कर लिया है। प्रतिमा और स्थल की सुरक्षा की मांग बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष सुरेश भैया के नेतृत्व में ग्रामीण थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस के सामने प्रतिमा स्थल पर दूसरी प्रतिमा स्थापित कराने, सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और बाउंड्रीवॉल बनवाने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि प्रतिमा स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण ऐसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की। सीसीटीवी और साक्ष्यों से जांच शुरू घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन सक्रिय हो गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, जांच में तीन लोगों की पहचान सामने आई, जिसके बाद तेज भदौरिया, गोरे भदौरिया और प्रशांत भदौरिया को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों पर केस दर्ज ऊमरी थाना प्रभारी बृजेंद्र सेंगर के मुताबिक, बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा को क्षति पहुंचाने वाले तीन आरोपियों की पहचान कर ली गई है। तीनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रशासन ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए पुलिस ने उन्हें मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों की दूसरी प्रतिमा स्थापित कराने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और बाउंड्रीवॉल निर्माण की मांग को लेकर प्रशासन स्तर पर भी प्रक्रिया शुरू होने की बात कही गई है।
Read full article on Bhaskar