top
बागपत में युवक की आत्महत्या, पत्नी-ससुराल पर उत्पीड़न का आरोप:मृतक की बहन और पिता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की, जांच जारी
बागपत कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक उत्पीड़न, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। मृतक की बहन और पिता ने पुलिस से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, युवक नीरज की शादी गौरीपुर जवाहरनगर की रहने वाली अंजली से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही अंजली नीरज पर अपने मायके में घर जमाई बनकर रहने का दबाव बना रही थी। शिकायत में कहा गया है कि जब नीरज ऐसा करने से मना करता था, तो पत्नी और उसके मायके वाले परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते थे। आरोप है कि अंजली अक्सर बिना बताए अपने मायके चली जाती थी और नीरज के पैसे भी अपने साथ ले जाती थी। इन सब बातों से नीरज मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। परिजनों ने पत्नी के अलावा उसके मायके पक्ष के कई लोगों पर भी नीरज के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को आरोपी बताए गए लोग नीरज के घर पहुंचे और उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की। इसके बाद वे अंजली को अपने साथ गौरीपुर ले गए। बताया गया कि इस घटना के बाद नीरज अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था। कुछ देर बाद वह ऊपर के कमरे में चला गया, जहां उसने फांसी लगा ली। परिजन नीरज को जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका पोस्टमार्टम 9 अगस्त को कराया गया। मृतक के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर पत्नी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। नीरज की बहन भी कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar