crime
अस्पताल में शराब पीने से रोका, नर्सिंग ऑफिसर को पीटा:मारपीट में बेहोश हुआ, इमरजेंसी में भर्ती; आरोपी पर FIR
शिवपुरी जिला अस्पताल परिसर में शराब पीने से रोकना एक नर्सिंग ऑफिसर को भारी पड़ गया। शराब पी रहे एक व्यक्ति ने नर्सिंग ऑफिसर से गाली-गलौज के बाद मारपीट कर दी। मारपीट में नर्सिंग ऑफिसर बेहोश होकर जमीन पर गिर गए। साथी कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। बाद में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। घटना 9 अगस्त की शाम करीब 7:50 बजे की है। जिला अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर पदस्थ 29 वर्षीय धर्मेंद्र धाकड़ ड्यूटी पर थे। वह सेंट्रल स्टोर से दवाई लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने दवाई वितरण कक्ष के पास धारा सिंह नामक व्यक्ति को शराब पीते देखा। धर्मेंद्र ने उसे अस्पताल परिसर में शराब पीने से मना किया। इस पर धारा सिंह गाली-गलौज करने लगा। नर्सिंग ऑफिसर ने गाली देने से रोका तो आरोपी ने उनके साथ हाथ और थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में बेहोश होकर गिरे मारपीट के दौरान धर्मेंद्र धाकड़ बेहोश होकर गिर गए। मौके पर मौजूद सुरेंद्र गोस्वामी और सलमान ने उन्हें संभाला और तत्काल इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया। कुछ देर बाद होश आने पर धर्मेंद्र अपने साथी स्टाफ शिवराज सिंह राजपूत और देवेंद्र सिंह धाकड़ के साथ कोतवाली थाने पहुंचे और घटना की शिकायत दर्ज कराई। तीन धाराओं में केस दर्ज कोतवाली पुलिस ने धर्मेंद्र धाकड़ की शिकायत पर आरोपी धारा सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(a), 121(1) और 351(3) सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, इन धाराओं में गाली-गलौज, मारपीट, धमकी और शासकीय कार्य में बाधा डालने से संबंधित प्रावधान शामिल हैं। बताया गया है कि आरोपी धारा सिंह का एक परिजन जिला अस्पताल में कार्यरत है। इसी सिलसिले में वह अस्पताल परिसर में आया था। आरोप है कि इसी दौरान उसने वहां शराब का सेवन किया और नर्सिंग ऑफिसर के रोकने पर विवाद हो गया।
Read full article on Bhaskar