politics
अमेठी में 13 करोड़ से बनेगा नया आधुनिक थाना:इन्हौना में भूमिपूजन, एक साल में तैयार होगा भवन; पुलिसकर्मियों के लिए बनेंगे आवास
अमेठी में इन्हौना में शनिवार शाम 5 बजे मोहनगंज रोड पर बनने वाले नए पुलिस थाने का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन किया गया। करीब 13 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस आधुनिक थाने का शिलान्यास पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. और राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने किया। अधिकारियों के मुताबिक भवन का निर्माण एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय भवन भी बनाए जाएंगे। आवास विकास को सौंपा निर्माण का जिम्मा नए थाने के निर्माण की जिम्मेदारी आवास विकास विभाग को दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन बनने के बाद क्षेत्र में पुलिसिंग व्यवस्था और मजबूत होगी। वर्तमान में इन्हौना थाना लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर इन्हौना कस्बे में संचालित हो रहा है। रिस्पांस टाइम कम होने का दावा राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि नए थाने के निर्माण से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। इससे आमजन को बेहतर पुलिस सेवा और त्वरित सहायता मिल सकेगी। एसपी सरवणन टी. ने बताया कि नए भवन में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे पुलिस का रिस्पांस टाइम कम करने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने में मदद मिलेगी। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी भूमिपूजन कार्यक्रम में सीओ दिनेश मिश्र, सीओ अतुल सिंह, सीओ अखिलेश वर्मा, इन्हौना थाना प्रभारी विवेक सिंह, शिवरतनगंज थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्र और जायस थाना प्रभारी अमरेंद्र सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। तिलोई ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कृष्ण कुमार सिंह मुन्ना सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
Read full article on Bhaskar