top
आगरा के 18वें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ:बल्केश्वर मंदिर में पांच दिन भक्ति और धार्मिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन
बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में मंगलवार को 18वें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की शुरुआत हुई। श्री देवी जी ट्रस्ट और श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल की ओर से आयोजित पांच दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ भूमि पूजन, हवन और सुंदरकांड पाठ के साथ किया गया। यमुना तट पर हुए आयोजन में वैदिक मंत्रों के बीच श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति देकर महोत्सव के सफल आयोजन की कामना की। श्री देवी जी ट्रस्ट के राम मोहन कपूर, सतीश गोपाल कपूर, अपिल अंजलि कपूर और तुषार शिवानी कपूर ने आचार्य संतोष शास्त्री के मार्गदर्शन में हवन किया। शाम को पंडित सीपी शर्मा के स्वरबद्ध संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। इससे मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव 5 सितंबर तक चलेगा। इसमें धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। बुधवार को ‘कान्हा के नाम की मेहंदी’ और म्यूजिक भजन कंसर्ट होगा। इसमें वल्लभा बैंड प्रस्तुति देगा। 3 सितंबर को निकलेगी निशान यात्रा 3 सितंबर को सुबह 7 बजे भक्ति निशान यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा बल्केश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंचेगी। यात्रा का रास्ते में पुष्पवर्षा और इत्रवर्षा से स्वागत किया जाएगा। इसी दिन शाम को राधानगर से श्री महालक्ष्मी मंदिर तक पोशाक यात्रा निकलेगी। इस बार मां महालक्ष्मी के लिए 11 किलो वजन की विशेष पोशाक वृंदावन से तैयार होकर आएगी। भजन संध्या और फूल बंगला बनेगा आकर्षण 4 सितंबर को भक्ति संगीत कार्यक्रम होगा। इसमें भजन गायक ब्रजराज सिंह लक्खा, कानपुर की शर्मा सिस्टर्स और बेटू व आल्या शर्मा प्रस्तुति देंगे। इसी दिन मां महालक्ष्मी का फूल बंगला वाटिका की थीम पर दिव्य श्रृंगार किया जाएगा। महोत्सव के अंतिम दिन 5 सितंबर को 7 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए विशाल शाम की रसोई का आयोजन किया जाएगा।
Read full article on Bhaskar