politics
5 अक्टूबर को राजभवन घेराव करेगी ओबीसी कांग्रेस:जनगणना में ओबीसी कॉलम जोड़ने की मांग को लेकर कांग्रेस का ओबीसी का एलान
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग विभाग ने जनगणना-2027 में ओबीसी का अलग कॉलम जोड़ने, प्रगणकों को जातियों की ड्रॉपडाउन सूची उपलब्ध कराने और ओबीसी समाज की सुरक्षा के लिए एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की तर्ज पर ओबीसी अत्याचार निवारण कानून बनाने की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। कांग्रेस की ओर से बताया गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर जातिगत जनगणना कराने की मांग दोहराई है। कांग्रेस का कहना है कि ओबीसी समाज की वास्तविक आबादी का आंकड़ा सामने आने के बाद ही आबादी के अनुपात में आरक्षण, रोजगार, सरकारी संस्थानों तथा संसाधनों में उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठाया जा सकता है। ओबीसी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में ओबीसी समाज के साथ सामाजिक न्याय और अधिकारों से जुड़े गंभीर सवाल लगातार बने हुए हैं। उत्तर प्रदेश में पिछड़े वर्ग के लोगों के साथ होने वाली हिंसा और हत्याओं की घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज अपने अधिकारों और सुरक्षा को लेकर अब निर्णायक संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि ओबीसी कांग्रेस ने सरकार को 4 अक्टूबर तक का समय दिया है। यदि जनगणना-2027 में ओबीसी कॉलम जोड़ने, प्रगणकों को जातियों की ड्रॉपडाउन सूची उपलब्ध कराने तथा ओबीसी अत्याचार निवारण कानून बनाने की मांग पर सरकार ने ठोस निर्णय नहीं लिया, तो 5 अक्टूबर को प्रदेश के ओबीसी समाज द्वारा राजभवन घेराव किया जाएगा। मनोज ने कहा कि ओबीसी समाज के अधिकारों को केवल चुनावी राजनीति का मुद्दा बनाकर छोड़ना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
Read full article on Bhaskar