top
2500 रुपये प्रोत्साहन राशि मानदेय में शामिल हो:आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने की मांग, कैशलेस चिकित्सा और यूनिफॉर्म बढ़ोतरी पर जताया आभार
मैनपुरी में आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन ने जिलाधिकारी के जरिए मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भेजा है। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी बढ़ी हुई 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल करने की मांग की है। एसोसिएशन ने कैशलेस चिकित्सा सुविधा और यूनिफॉर्म के लिए की गई बढ़ोतरी के लिए सरकार का आभार भी जताया। ज्ञापन में कहा गया है कि अभी 1500 रुपये मूल मानदेय और 2500 रुपये प्रोत्साहन राशि के तौर पर दिए जाते हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि कई जिलों में प्रोत्साहन राशि का भुगतान नियमित नहीं हो रहा है। कहीं कई महीनों की राशि बाकी है तो कहीं छह महीने या एक साल बाद भुगतान किया जाता है। ऐसे में 2500 रुपये को मूल मानदेय में शामिल कर इसका नियमित भुगतान किया जाए। कार्यकर्ताओं ने पोषण ट्रैकर ऐप में जीपीएस आधारित हाजिरी की व्यवस्था पर भी विरोध जताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में नेटवर्क की दिक्कत रहती है और कई कार्यकर्ताओं के लिए मोबाइल रिचार्ज कराना भी मुश्किल होता है। विभागीय बैठकों, ट्रेनिंग और दूसरे सरकारी कामों के लिए केंद्र से बाहर रहने पर भी जीपीएस व्यवस्था में परेशानी होती है। एसोसिएशन ने बाकी प्रोत्साहन राशि का भुगतान कराने और जीपीएस व्यवस्था लागू न करने की मांग की है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुषमा कश्यप, अनीता सिंह और रीना यादव ने मुख्यमंत्री को संबोधित यह शिकायती पत्र दिया है।
Read full article on Bhaskar