tourism
2027 में अखिलेश की सरकार बनेगी- बाबू सिंह कुशवाहा:कुशवाहा, शाक्य और मौर्य समाज के लोगों की भागीदारी, विंटेज कार में सवार होकर शोभायात्रा में हुए शामिल
इटावा में लव-कुश जन्मोत्सव के मौके पर रविवार को इटावा में कुशवाहा, शाक्य और मौर्य समाज की बड़ी जुटान देखने को मिली। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों के नेताओं की इन समाजों के बीच सक्रियता भी नजर आई। पूर्व मंत्री, जौनपुर सांसद और जनाधिकार पार्टी के संस्थापक बाबू सिंह कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। शाम करीब 4 बजे उन्होंने शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। विंटेज कार में सवार होकर यात्रा में हुए शामिल बाबू सिंह कुशवाहा विंटेज कार में सवार होकर शोभायात्रा का हिस्सा बने। इस दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीति पर अपनी राय रखी और समाजवादी पार्टी के पक्ष में बदलाव की संभावना जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में विपक्ष को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश में अघोषित इमरजेंसी जैसे हालात होने का दावा करते हुए कहा कि इस बार जनता बदलाव के मूड में है। बसपा और सीटों के सवाल पर नहीं की टिप्पणी बसपा को लेकर सवाल पूछे जाने पर बाबू सिंह कुशवाहा ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि बसपा अलग पार्टी है और उसके भीतर का मामला है, इसलिए वह इस पर कुछ नहीं कहना चाहते। वहीं आगामी विधानसभा चुनाव में जनाधिकार पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि सीटों का फैसला समाजवादी पार्टी करेगी। 2027 से पहले सामाजिक जुटान पर राजनीतिक नजर लव-कुश जन्मोत्सव के बहाने हुई बड़ी सामाजिक जुटान को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पिछड़े वर्ग के विभिन्न समाजों के बीच राजनीतिक पहुंच बढ़ाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, यशवंत सिंह कुशवाहा, जितेंद्र प्रताप सिंह, धर्मवीर कुशवाहा, पूर्व जिला अध्यक्ष संजीव राजपूत, सपा जिला अध्यक्ष प्रदीप शाक्य, सर्वेश शाक्य, सपा नेता केपी शाक्य, आयोजक पंकज सिंह कुशवाहा समेत कई लोग मौजूद रहे। मंच संचालन डॉ. कमल कुशवाहा ने किया।
Read full article on Bhaskar