politics
1.82 करोड़ से संत रविदास मंदिर का होगा कायाकल्प:मंत्री एके शर्मा बोले- समानता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा
मऊ में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शुक्रवार शाम 5 बजे दोहरीघाट स्थित संत रविदास मंदिर के जीर्णोद्धार और निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। नगर विकास विभाग की वंदन योजना के तहत करीब 1 करोड़ 82 लाख रुपए की लागत से मंदिर का विकास कराया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद मंदिर को भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। आस्था के साथ सामाजिक संदेश का केंद्र बनेगा मंदिर मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि संत रविदास जैसे महान संत के मंदिर के निर्माण और जीर्णोद्धार में योगदान देना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह ईश्वर की कृपा है कि उन्हें संत रविदास मंदिर के विकास में योगदान देने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि मंदिर क्षेत्र के लोगों और श्रद्धालुओं के लिए आस्था एवं प्रेरणा का प्रमुख केंद्र बनेगा। साथ ही संत रविदास के विचारों और सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी बनेगा। समानता और सामाजिक समरसता का दिया संदेश ए.के. शर्मा ने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना के खिलाफ मानव मात्र की समानता की बात कही। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने और आपसी प्रेम-सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देती हैं। धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का विकास कर रही सरकार मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार संत-महापुरुषों की स्मृतियों और धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को संरक्षित और विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों का विकास कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं भी विकसित होंगी मंत्री ने बताया कि वंदन योजना के तहत धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों को भव्य एवं आकर्षक बनाने के साथ श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। मंदिर के सौंदर्यीकरण के साथ संत रविदास के विचारों और सामाजिक संदेश को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया जाएगा।
Read full article on Bhaskar