top
यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:शाह पर अखिलेश बोले- बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते; मरते-मरते हत्यारे का नाम लिखा, दुल्हन बोली- मुझे देवर पसंद
नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर लखनऊ में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की मीटिंग में गृहमंत्री अमित शाह के शामिल होने को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर ग्रेटर नोएडा में 23वीं मंजिल से अफसर और बेटे की गिरकर दर्दनाक मौत से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें... 1- शाह बोले- यूपी में BJP अंगद का पैर, कोई हिला नहीं सकता, नाराजगी गोमती में बहाएं लखनऊ में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति मीटिंग में अमित शाह ने कहा- यूपी में बीजेपी अंगद का पैर है, कोई नहीं हिला सकता। आप कमर कस लो, अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखो। मनमुटाव गोमती में छोड़कर जाएं। इसबार यूपी में UCC लागू करेंगे। राहुल गांधी की बकवास का जवाब जीत से देना है। तंज कसा- राहुल और अखिलेश कुछ कीजिए नहीं तो मोदी जी फिर चौथी बार PM बनेंगे। पूरी खबर पढ़ें 2- नोएडा में अफसर और बेटे की गिरकर मौत, 23वीं मंजिल बालकनी में फूल तोड़ रहे थे ग्रेटर नोएडा में 23वीं मंजिल से गिरकर अफसर और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। पिता बालकनी में बेटे से फूल तुड़वा रहे थे। बारिश की वजह से फर्श गीली थी। अचानक बेटे का बैलेंस बिगड़ा और वह रेलिंग से नीचे लटक गया। बेटे को बचाने के लिए पिता दौड़े। हाथ पकड़ा। लेकिन उनका भी पैर फिसल गया। दोनों नीचे गिर गए। बेटा छठीं क्लास में पढ़ता था। पिता केंद्रीय सचिवालय में सेक्शन ऑफिसर थे। पूरी खबर पढ़ें 3- अखिलेश बोले- स्वामी प्रसाद हमारे गठबंधन में नहीं; महिलाओं को ज्यादा टिकट का ऐलान अखिलेश यादव ने MLC चुनाव के नतीजों पर कहा- धूमधाम मचाने वाले धड़ाम से गिर गए। BJP 5 सीटें ही नहीं, 50 शहरों में हारी है। आरोप लगाया कि भाजपा 6 सीटें छल से जीती है। 2027 में भाजपा से ज्यादा महिलाओं को टिकट देने का ऐलान किया। स्वामी प्रसाद मौर्य के INDIA गठबंधन में शामिल होने पर कहा- वह हमारे गठबंधन में शामिल नहीं। अमित शाह के दौरे पर तंज कसा- बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते। पूरी खबर पढ़ें 4- आगरा-मथुरा समेत 20 शहरों में बारिश, जौनपुर में फसलें गिरीं; अर्नब तूफान का असर यूपी में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से मौसम बदला हुआ है। शुक्रवार सुबह से लखनऊ, नोएडा, आगरा, मथुरा और जौनपुर समेत 20 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हुई। ठंडी हवाएं चलीं। दिन में अंधेरे छाया। जौनपुर में 24 घंटे से तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर बारिश होती रही। खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई है। काटकर रखीं फसलें खराब हो रहीं। अलीगढ़ समेत 25 शहरों में बादल छाए रहे। पूरी खबर पढ़ें 5- प्रयागराज में जमीन में गड़े 5 करोड़ का राज तलाश रहीं टीमें, 4 और बक्से मिले प्रयागराज में जमीन में दबाकर रखे गए 5 करोड़ से ज्यादा की नकदी मिलने के बाद अब और नोटों की तलाश GPR से हो रही। शुक्रवार को भी घर के अंदर से ताले लगे 4 बक्से मिले। पुलिस ने खुदाई भी शुरू करा दी है। जांच में IT और बैंक अधिकारी शामिल हैं। रकम के स्रोत का पता लगाने के लिए पुलिस टीम पुणे गई है। बुधवार को बरईपुर में राकेश यादव के घर से 500-500 के नोटों की गड्डियां मिली थीं। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें... 6- PET एग्जाम- लड़कियों के बाल खुलवाए, मोजे उतरवाए, रुमाल भी नहीं ले जाने दी यूपी में PET-2026 के दूसरे दिन 60 जिलों के 1,372 केंद्रों पर परीक्षा हुई है। प्रयागराज, लखनऊ और प्रतापगढ़ में लड़कों के जूते-मोजे उतरवाकर चेकिंग की गई। बरेली में लड़कियों के बाल खुलवाए गए और जेवर उतरवाए गए। सीतापुर में अभ्यर्थियों ने अपने जेवर परिजनों को सौंपे। शुक्रवार को करीब 11 लाख अभ्यर्थियों ने दो शिफ्ट में परीक्षा दी। कुल 35.41 लाख ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पूरी खबर पढ़ें 7- श्रद्धा ने मॉडल को अफसर के साथ रात बिताने का दबाव बनाया, कपड़े उतारकर पीटा लखनऊ कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में जेल में बंद मॉडल श्रद्धा दुबे से जुड़े नए खुलासे हो रहे। आरोप है कि श्रद्धा ने एक मॉडल लड़की पर बड़े अफसर के साथ रात बिताने का दबाव बनाया था। इनकार करने पर उसे फ्लैट में 7 दिनों तक बंधक बनाकर न्यूड कर पीटा और धमकाया। मॉडल नहीं झुकी तो छोड़ दिया। पुलिस अब श्रद्धा से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंच रही है। पूरी खबर पढ़ें 8- स्पेशल TET देने वाले शिक्षकों को मिलेगी छुट्टी, सरकार ने जारी किया आदेश यूपी में 3 नवंबर को होने वाली स्पेशल TET के दिन सेवारत शिक्षकों और स्पेशल एजुकेटर्स को विशेष अवकाश मिलेगा। शासन ने परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों को यह सुविधा देने का फैसला किया है। परीक्षा आगरा, गोरखपुर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज और वाराणसी के 131 केंद्रों पर दो पालियों में कराई जाएगी। प्रत्येक पाली की अवधि ढाई घंटे रखी गई है। पूरी खबर पढ़ें 9- झांसी में दरबार लगाने वाले 'काली सरकार' पर कुकर्म की FIR, बच्चे से गंदा काम झांसी में ‘काली सरकार’ के नाम से दरबार लगाने वाले प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज पर 12 साल के बच्चे के अपहरण और यौन शोषण का केस दर्ज हुआ है। आरोप है कि बच्चे से हरिद्वार, दिल्ली और लखनऊ में गंदा काम किया। डरे बच्चे ने दादा को आपबीती बताई। एसएसपी के आदेश पर 29 अक्टूबर को FIR हुई। आरोपी ने वीडियो जारी कर कहा- मैं पक्का बीजेपी वाला हूं, मेरा मेडिकल कराया जाए। पूरी खबर पढ़ें 10- शाहजहांपुर में करवाचौथ पर प्रेमी भर रहा था मांग, अचानक पहुंच गया पति शाहजहांपुर में मायके में करवाचौथ मनाने की बात कहकर घर से निकली महिला मंदिर में प्रेमी के साथ पकड़ी गई। पति का आरोप है कि प्रेमी उसकी पत्नी की मांग में सिंदूर भर रहा था। जबकि पत्नी ने दावा किया कि प्रेमी जबरन उसे मंदिर ले गया और सिंदूर भर दिया। मंदिर में हंगामे के बाद पुलिस तीनों को थाने ले गई। चार घंटे पंचायत चली, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। पूरी खबर पढ़ें 11-बुलंदशहर में 2 मंजिला मकान ढहा, चाचा-भतीजे की मौत, आधी रात को हादसा बुलंदशहर में गुरुवार देर रात दो मंजिला मकान ढहने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई। मकान अचानक भरभराकर गिर गया। घर में सो रहे परिवार के 3 लोग मलबे में दब गए। धमाके की आवाज सुनकर पड़ोसी घरों से बाहर आए। सो रहे तीन लोग मलबे में दबे थे। पुलिस, SDRF और फायर ब्रिगेड ने 3 घंटे रेस्क्यू चलाकर बाहर निकाला। 70 साल की मां घायल हैं। अस्पताल में इलाज चल रहा। पूरी खबर पढ़ें 12- कानपुर में रिक्शा-चालक के बेटे ने 4 लाख मेल ID बेची, 20-50 डॉलर में एक आईडी कानपुर में रिक्शा चालक के बेटे अंकित संखवार ने 4 लाख से ज्यादा फर्जी ई-मेल ID बेचीं। हर ID के 20 से 50 डॉलर लेता था। यूपी ATS ने उसे गिरफ्तार किया है। ATS के मुताबिक, ID का इस्तेमाल धमकी भरे मेल भेजने में हुआ। एक्टर दिलजीत दोसांझ को बम से उड़ाने की धमकी भी अंकित के बनाए आईडी से भेजे गए थे। मां ने कहा- मेरे लीवर में छेद था, बेटा इलाज कराता था, अब कैसे होगा इलाज? पूरी खबर पढ़ें 13- सीतापुर में व्यापारी ने मरते-मरते लिखा हत्यारे का नाम, ढाबे तक खून से लथपथ पहुंचा सीतापुर में करवाचौथ पर बहन के घर जा रहे कारोबारी युवक का अपहरण कर गला रेत दिया गया। आरोपी उसे मरा समझकर छोड़ गए। होश आने पर युवक किसी तरह ढाबे तक पहुंचा। गला कटा होने से बोल नहीं पा रहा था। उसने कागज पर आरोपियों के नाम लिखकर मदद मांगी, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुरानी रंजिश में 4 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है... 14- शादी में पहुंची महिला बोली- देवर के साथ 7 फेरे लूंगी; पति बोला- इसे छोटा भाई पसंद बागपत में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में एक महिला गोद में बच्चा लिए अपने पति के साथ पहुंची। उसने कहा कि वह अपने देवर के साथ सात फेरे लेना चाहती है। पति ने भी कहा- इसे मैं नहीं मेरा छोटा भाई पसंद है। मौजूद लोग हैरान रह गए। महिला बोली- पंचायत में हमने तलाक भी ले लिया है। लेकिन अधिकारियों ने नहीं माना। कैसा रहेगा कल का मौसम... 15- बारिश का अलर्ट 31 अक्टूबर को यूपी के करीब 25 जिलों में बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, अर्नब तूफान की वजह से कई जिलों में हल्की, मध्यम से तेज बारिश की आशंका है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात...
Read full article on Bhaskar