politics
व्यापारियों ने की अपर आयुक्त से मुलाकात:अवैध कब्जें को लेकर की शिकायत, शुक्रवार को हुआ था व्यापारी पर हमला
इंदौर के गोपाल मंदिर राजबाड़ा व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारी सोमवार को नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अपर आयुक्त आकाश सिंह से मुलाकात की और व्यापारी पर हुए हमले और अवैध कब्जों को लेकर शिकायत की। व्यापारियों ने मामले में अपर आयुक्त को ज्ञापन दिया और उचित कार्रवाई करने के मांग की। बता दे कि बीते शुक्रवार को व्यापारी पर हमला हुआ था, जिसके बाद व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया था और उन्होंने घटना के विरोध सराफा थाने का घेराव कर दिया था। कई घंटों तक थाने पर व्यापारियों का प्रदर्शन हुआ था। जिसके बाद मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। व्यापारियों के प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद यहां पर विधायक पुत्र एकलव्य गौड़ भी पहुंचे थे। इधर, घटना के अगले दिन शनिवार को व्यापारियों ने दुकानें बंद कर अपना विरोध भी जताया था। ज्ञापन सौंपकर की मांग एसोसिएशन के सचिव नितेश चौरसिया ने बताया कि शुक्रवार पर उन पर हमला हुआ था। उन्होंने अपर आयुक्त को ज्ञापन दिया। जिसमें उन्होंने बताया कि राजबाड़ा गोपाल मंदिर क्षेत्र इंदौर की ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण व्यापारिक पहचान है। यहां सालों से व्यापर करने वाले वैध दुकानदार लगातार अतिक्रमण, फुटपाथ पर अवैध कब्जों और इनके कारण होने वाले विवादों से परेशान है। स्थित अब केवल ट्रैफिक और आने-जाने की समस्या नहीं रह गई है बल्कि व्यापारियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय बन चुकी है। व्यापारियों की मांग ये है कि सार्वजनिक फुटपाथ और मार्ग जनता के लिए मुक्त रहें, वैध व्यापारियों को सुरक्षित वातावरण मिले और कानून सभी पर समान रूप से लागू हो। सचिव चौरसिया ने बताया कि तीन दिन पहले फुटपाथ पर कब्जा कर दुकान लगाने वाले आपराधिक तत्वों ने उन पर हमला किया था, जिसके विरोध में अपर आयुक्त से मुलाकात कि और अवैध रूप से लग रही दुकानों के विषय में पूरी वास्तविक स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने दो लोगों पर यहां अवैध रूप से दुकान लगवाने का आरोप लगाया। साथ ही तलघर में भी दुकान लगवाने की बात कही। सचिव ने कहा कि मामले में अपर आयुक्त ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Read full article on Bhaskar