top
वृंदावन में ईद-मिलादुन्नबी पर निकाला जुलूसे मोहम्मदी:जामा मस्जिद से शुरू हुआ, ‘सरकार की आमद मरहबा’ के नारों से गूंजा शहर
वृंदावन में बुधवार को ईद-मिलादुन्नबी के मौके पर मुस्लिम समाज ने जुलूसे मोहम्मदी निकाला। जामा मस्जिद से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। बैंड-बाजों और धार्मिक धुनों के बीच ‘सरकार की आमद मरहबा’ के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। शहर में जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। जुलूस में बच्चे, युवा और बुजुर्ग पारंपरिक लिबास में शामिल हुए। कई लोगों के हाथों में इस्लामी परचम और तिरंगा नजर आया। जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस जामा मस्जिद पहुंचा। पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन पर मनाते हैं ईद-मिलादुन्नबी इस्लामी कैलेंडर के तीसरे महीने रबी-उल-अव्वल की 12वीं तारीख को पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन के रूप में ईद-मिलादुन्नबी मनाई जाती है। इसी मौके पर बुधवार को वृंदावन में जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया। शाही जामा मस्जिद के इमाम मौलाना सलमान ने बताया कि पैगंबर मोहम्मद साहब ने लोगों को भाईचारे, दया, समानता और अच्छे आचरण का संदेश दिया। उन्होंने नेकी के रास्ते पर चलने और यतीम व जरूरतमंद लोगों की मदद करने की सीख दी। आजाद कुरैशी ने कहा कि ईद-मिलादुन्नबी मुस्लिम समाज के लिए खास मौका है। सभी लोगों को आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए पैगंबर मोहम्मद साहब के बताए रास्ते पर चलना चाहिए। रास्ते में बांटा शर्बत और खाद्य सामग्री जुलूस शाही जामा मस्जिद से शुरू होकर अंबेडकर पार्क, चुंगी चौराहा, अनाज मंडी किशोरपुरा और सीएफसी चौराहा होते हुए वापस मस्जिद पहुंचा। रास्ते में कई जगह समाज के लोगों ने जुलूस में शामिल बच्चों और अकीदतमंदों का स्वागत किया। उन्हें शर्बत, खाद्य सामग्री और उपहार भी बांटे गए। जुलूस को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। सीओ सदर वरुण मिश्रा के निर्देशन में कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार और निरीक्षक अपराध धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ तैनात रहे। पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालने के साथ जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया। इस दौरान भुल्लू कुरैशी, मोहम्मद सलीम, मोहम्मद अब्बास, काशिम, यूनिश अब्बासी, बबलू अब्बासी, अस्पाक, आस मोहम्मद, मोनू समेत समाज के कई लोग मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar