education
उन्नाव में FLN प्रशिक्षण में 21 शिक्षक गैरहाजिर:BSA के औचक निरीक्षण में खुली अव्यवस्था की पोल, वेतन कटौती के आदेश
उन्नाव में फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी (FLN) प्रशिक्षण के दौरान बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) शैलेश पांडे ने असोहा और नवाबगंज बीआरसी का औचक निरीक्षण किया। असोहा बीआरसी में 100 में से 79 शिक्षक ही प्रशिक्षण में मौजूद मिले, जबकि 21 शिक्षक गैरहाजिर थे। बीएसए ने अनुपस्थित शिक्षकों के वेतन से कटौती के निर्देश दिए। बीएसए ने असोहा बीआरसी में प्रशिक्षण की व्यवस्था और शिक्षकों की उपस्थिति जांची। गैरहाजिर 21 शिक्षकों के बारे में जानकारी लेने के बाद उनके वेतन से कटौती के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में मिली अव्यवस्थाओं पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा। मामले में बीईओ असोहा से जवाब मांगा गया है, जबकि बीआरसी स्टाफ को नोटिस जारी किया गया है। इसके बाद बीएसए ने नवाबगंज बीआरसी का निरीक्षण किया। यहां प्रशिक्षण में गैरहाजिर शिक्षकों के दस्तखत मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय बीईओ नवाबगंज भी मौके पर मौजूद नहीं थे। बीएसए ने उन्हें नोटिस जारी करने का आदेश दिया। बीएसए के औचक निरीक्षण से दोनों बीआरसी में हड़कंप मच गया। उन्होंने अधिकारियों और बीआरसी स्टाफ को प्रशिक्षण में शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुसार संचालित करने के निर्देश दिए। FLN प्रशिक्षण का उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर बच्चों की बुनियादी भाषा और गणितीय क्षमताओं को मजबूत करने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित करना है।
Read full article on Bhaskar