crime
ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर युवक की मौत:असमोली थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन घायल, एक ने तोड़ा दम
सम्भल। असमोली थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। जानकारी के अनुसार, असमोली थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर जसकोली निवासी मुमताज सलमानी का 18 वर्षीय पुत्र नायाब अली शनिवार को अपनी मौसी के घर जाने के लिए बस से निकला था। उसके साथ उसका मौसेरा भाई यामीन अली, निवासी फैजगंज, चंदौसी भी था। यामीन को नगला फैक्ट्री पर उतरना था, लेकिन गांव की सही जानकारी न होने के कारण वह मनौटा पुल पर उतर गया। मनौटा पुल पर उतरने के बाद यामीन ने नायाब को फोन कर बताया कि वह गलत जगह उतर गया है और उसे लेने आने का अनुरोध किया। इसके बाद नायाब अपने मोहल्ले के समीर को साथ लेकर बाइक से मनौटा पुल पहुंचा। वहां से नायाब, यामीन और समीर तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर सैदपुर जसकोली के लिए रवाना हुए। बताया गया कि जैसे ही बाइक सवार तीनों युवक असमोली स्थित देशी शराब के ठेके के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असमोली पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। परिजन नायाब को आगे के उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान रात करीब 10:30 बजे उसकी मौत हो गई। नायाब अपने छह भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था। परिजनों ने इस मामले में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई न करने का निर्णय लिया और शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
Read full article on Bhaskar