politics
धर्मस्थलों के चौड़ीकरण की जद में आने पर बैठक:उज्जैन शहर काजी की प्रशासन को चेतावनी, बोले- चश्मे के नंबर बराबर रखें
उज्जैन में चौड़ीकरण की जद में आ रहे धर्मस्थलों को हटाने के लिए मंगलवार को जिला प्रशासन ने नुमायंदे कमेटी के करीब एक दर्जन सदस्यों और शहर काजी के साथ बैठक की। इसमें प्रशासन ने शहर में अतिक्रमण की जद में आ रहे धर्मस्थलों की सूची कमेटी को सौंपी। बैठक के बाद शहर काजी खलीकुर्रहमान ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि वह अपने चश्मे के नंबर बराबर रखें, ताकि किसी को कोई बात कहने की जरूरत न पड़े। उन्होंने बताया कि बैठक में धार्मिक स्थलों को लेकर चर्चा हुई। प्रशासन ने जो प्रस्ताव रखे हैं, उन पर अब मंथन करना होगा। इसके बाद ही इस पर कोई जवाब दिया जाएगा। कुछ लोग नादानी में कोर्ट चले गए शाही मस्जिद को लेकर कोर्ट से स्टे नहीं मिलने पर शहर काजी ने कहा कि यह अफसोस की बात है कि जिन लोगों को कोर्ट जाना चाहिए था, वे नहीं गए और जिन्हें नहीं जाना चाहिए था, वे पहुंच गए। उन्होंने कहा कि कोर्ट में जो आवेदन लगाया गया था, वह भी ठीक नहीं था। कुछ नादान बच्चे कोर्ट चले गए थे, इस पर ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता। प्रशासन चश्मे के नंबर बराबर रखे शहर काजी खलीकुर्रहमान ने प्रशासन से धार्मिक स्थलों के मामले में भेदभाव नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभी आगे क्या होगा, यह प्रशासन के फैसले के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल इस मामले में कोर्ट नहीं गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को धार्मिक स्थलों को बख्शना चाहिए, क्योंकि शहर में कई ऐसे स्थल हैं जो सैकड़ों साल पुराने हैं। शाही मस्जिद करीब 650 साल पुरानी है। उन्होंने कहा, “प्रशासन को हमने पहले भी आगाह किया है और आज भी कह रहे हैं कि आपके चश्मे के नंबर बराबर रखें, ताकि किसी को कोई बात कहने की जरूरत न पड़े।”
Read full article on Bhaskar