top
दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी ई-ट्राईसाइकिल:अयोध्या में 16 साल से ज्यादा उम्र की छात्राएं कर सकती हैं ऑनलाइन आवेदन
अयोध्या में स्कूल जाने वाली और पढ़ाई कर रही दिव्यांग छात्राओं को अब आने-जाने में आसानी होगी। उत्तर प्रदेश सरकार के दिव्यांगजन सशक्तीकरण अनुभाग ने पात्र छात्राओं को ई-ट्राईसाइकिल देने के लिए अनुदान को मंजूरी दी है। इसके लिए इच्छुक छात्राएं विभाग की वेबसाइट https://hwd.uphq.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी चंद्रेश त्रिपाठी ने शनिवार 12 सितंबर की शाम करीब 4 बजे बताया कि योजना का फायदा लेने के लिए छात्रा की उम्र 16 साल या उससे ज्यादा होनी चाहिए। वह उत्तर प्रदेश की निवासी हो और खुद या उसका परिवार इनकम टैक्स न देता हो। योजना में पहले गरीबी रेखा से नीचे जीवन बिताने वाली पात्र छात्राओं को फायदा मिलेगा। इसके बाद अगर लक्ष्य बचा तो दिव्यांगता की गंभीरता और कम आय के आधार पर छात्राओं को चुना जाएगा। उन्होंने बताया कि ई-ट्राईसाइकिल के लिए ऐसी दिव्यांग छात्राएं पात्र होंगी, जो मस्क्यूलर डिस्ट्रोफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी, हीमोफिलिया जैसी बीमारियों से पीड़ित हों। छात्रा की मानसिक हालत अच्छी होनी चाहिए और वह ई-ट्राईसाइकिल पर बैठकर अपने हाथों से उसे चलाने में सक्षम हो। इसके अलावा मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाणपत्र होना जरूरी है। ऑनलाइन आवेदन के लिए निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र और आधार कार्ड जैसे जरूरी दस्तावेज तैयार रखने होंगे। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि आवेदन में किसी प्रकार की समस्या होने पर छात्राएं सभी आवश्यक प्रपत्रों के साथ किसी भी कामकाजी दिन में विकास भवन स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यालय में संपर्क कर सकती हैं। समस्या के समाधान के लिए कार्यालय के वरिष्ठ सहायक अरविंद कुमार से भी बात की जा सकती है।
Read full article on Bhaskar