politics
देवास में ‘खेलो इंडिया संवाद’ में 400 युवा शामिल:यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के पोस्टर का विमोचन, सांसद बोले- नशा युवाओं का सबसे बड़ा दुश्मन
देवास में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुवार को अमलतास विश्वविद्यालय में ‘खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात, प्रधानमंत्री के साथ’ कार्यक्रम हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं, खिलाड़ियों और विद्यार्थियों से संवाद किया। देवास में हुए कार्यक्रम में करीब 400 युवाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने युवाओं से संवाद किया। उन्होंने खेल और फिटनेस के महत्व पर जोर दिया और नशे से दूर रहने की अपील की। सांसद ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन नशा इस शक्ति का सबसे बड़ा दुश्मन है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा खेल, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में लगाने को कहा। सांसद ने खिलाड़ियों से की बातचीत प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान युवाओं ने खेल, फिटनेस, युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचार सुने। सांसद सोलंकी ने कार्यक्रम में मौजूद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के युवा खिलाड़ियों से भी बातचीत की। उन्होंने खिलाड़ियों से उनके खेल अनुभव और उपलब्धियों की जानकारी ली। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने मां सरस्वती के पूजन और माल्यार्पण से की। कार्यक्रम में युवाओं को ‘आइडिया बॉक्स’ के जरिए खेल, युवा विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े सुझाव प्रधानमंत्री तक पहुंचाने की जानकारी दी गई। इस दौरान ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
Read full article on Bhaskar