crime
दतिया में गणेश विसर्जन में विवाद के बाद फायरिंग:चाचा-भतीजे को गोली लगी, ग्वालियर रेफर; दूसरे पक्ष के 3 लोग भी घायल
दतिया के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के मैथाना पाली गांव में बुधवार शाम गणेश विसर्जन के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। इसके बाद फायरिंग हुई, जिसमें चाचा-भतीजा घायल हो गए। दोनों को इंदरगढ़ अस्पताल से दतिया जिला अस्पताल लाया गया। शुरुआती इलाज के बाद दोनों को ग्वालियर रेफर किया गया है। घायलों की पहचान अजय यादव पिता स्व. नवल किशोर यादव (28) और उनके चाचा वकील यादव (43), दोनों निवासी मैथाना पाली के रूप में हुई है। दोनों के पैर में गोली लगी है। परिजनों के मुताबिक, अजय और वकील गांव से निकली नदी की ओर भैंस चराने गए थे। इसी दौरान वहां गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए पहुंचे लोगों से उनका विवाद हो गया। घायल पक्ष ने मानवेंद्र उर्फ छुट्टी, रोहित, गजराज यादव, श्रीकांत यादव, हाकिम यादव, ऋषभ यादव, रघुराज यादव समेत अन्य लोगों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। विसर्जन के दौरान दोनों पक्षों में हुआ विवाद ग्रामीणों के मुताबिक, चौकपुरा के लोगों ने गांव के खेरा पति मंदिर के पास गणेश प्रतिमा स्थापित की थी। बुधवार को प्रतिमा विसर्जन के लिए नदी की ओर ले जाई गई थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद हुआ। दूसरे पक्ष से हाकिम सिंह पिता गोविंद सिंह (50), गजराज पिता चतुर सिंह यादव (52) और पंजाब सिंह पिता सोबरन सिंह यादव के घायल होने की जानकारी है। इसके अलावा 3 से 4 अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है। उनका इलाज इंदरगढ़ अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू की घटना की सूचना मिलते ही इंदरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के साथ दोनों पक्षों से जुड़े लोगों और घायलों से पूछताछ शुरू कर दी है। इंदरगढ़ टीआई गौरव शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घायलों का उपचार जारी है। जांच के बाद विवाद और फायरिंग की स्थिति स्पष्ट होगी।
Read full article on Bhaskar