business
दतिया में 33 केवी बिजली लाइन से छेड़छाड़:11 मीटर पोल लगाने का आरोप, केस दर्ज
दतिया के ज्योति नगर कॉलोनी में पुरानी 33 केवी विद्युत लाइन से बिना अनुमति छेड़छाड़ करने और नया 11 मीटर लंबा पोल लगाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने सतीश मोरयानी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बिजली कंपनी के सहायक यंत्री ओमप्रकाश आर्य की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और विद्युत अधिनियम की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में मिला अनधिकृत काम शिकायत के मुताबिक 18 अगस्त की सुबह करीब 8:30 बजे बिजली कंपनी की टीम को ज्योति नगर में पुरानी 33 केवी लाइन पर बिना अनुमति काम कराए जाने की सूचना मिली थी। अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो पुराने पोल पर वी-क्रॉस आर्म और एक्सटेंशन पीस लगा मिला। इसके अलावा करीब 11 मीटर लंबा नया एचवी पोल भी लगाया गया था, जिस पर कंपनी की पहचान संख्या दर्ज थी। पहले नोटिस के बावजूद लाइन से छेड़छाड़ बिजली कंपनी का आरोप है कि यह काम सतीश मोरयानी की निगरानी में कराया जा रहा था। मौके पर काम कर रहे लोगों और गतिविधियों के फोटो-वीडियो भी बनाए गए। शिकायत में बताया गया कि विद्युत लाइन के नीचे निर्माण और अतिक्रमण को लेकर संबंधित लोगों को पहले नोटिस दिए जा चुके थे। इसके बावजूद विद्युत लाइन से छेड़छाड़ की गई। पुलिस ने शुरू की जांच पुलिस ने प्रथम दृष्टया विद्युत लाइन में अनधिकृत हस्तक्षेप, बिजली सामग्री को नुकसान पहुंचाने, पोल लगाने और लापरवाही से लोगों की जान को खतरे में डालने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।
Read full article on Bhaskar