crime
तालाब में डूबने से 4 साल के मासूम की मौत:कौशांबी में घर के बाहर खेल रहा था, मां के बाजार जाने के बाद लापता हुआ
कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र के अंदावा गांव में बुधवार को तालाब में डूबने से 4 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। कुछ देर बाद मां के लौटने पर वह घर पर नहीं मिला। परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की तो घर के पास स्थित तालाब से उसका शव बरामद हुआ। अंदावा गांव निवासी सोनू गौतम मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बुधवार सुबह वह मजदूरी के लिए घर से निकल गए थे। दोपहर करीब 3 बजे उनकी पत्नी श्वेता देवी अपने चार वर्षीय बेटे साजन कुमार को घर के बाहर खेलता छोड़कर किसी काम से टेढ़ीमोड़ बाजार चली गईं। तलाश के दौरान तालाब में मिला शव कुछ देर बाद श्वेता देवी घर लौटीं तो साजन वहां नहीं मिला। उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ आसपास बच्चे की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो ग्रामीणों ने घर के पास स्थित तालाब में तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद बच्चे को तालाब से बाहर निकाला गया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिवलिंग के पास खेल रहा था मासूम बताया जा रहा है कि तालाब के किनारे बने चबूतरे पर शिवलिंग स्थापित है। साजन वहीं खेल रहा था। खेलते-खेलते वह कब तालाब के गहरे पानी में चला गया, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है।
Read full article on Bhaskar