top
समस्तीपुर: रक्षाबंधन पर मुसहरी में चला बुलडोजर:भाकपा माले का प्रशासन पर आरोप, कहा- भूमाफिया के इशारे पर कार्रवाई हुई
समस्तीपुर के ताजपुर प्रखंड की फतेहपुर पंचायत स्थित वार्ड संख्या-3 मुसहरी में सरकारी जमीन पर पुस्तैनी रूप से बसे मुसहर परिवारों के घरों को जेसीबी से ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई पर भाकपा माले ने प्रशासन की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और प्रभावित परिवारों को वासभूमि व आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह और अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने आरोप लगाया। उनके अनुसार, अंचल प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना के मुसहरी में वर्षों से रह रहे मुसहर परिवारों के घरों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से सीताराम सदा, बाबूलाल सदा, सितबिया देवी, सुरेश सदा सहित कई गरीब परिवार प्रभावित हुए हैं। भाकपा माले के नेता बोले- भू माफिया के इशारे पर अंचल प्रशासन ने कार्रवाई की नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि अंचल प्रशासन की यह कार्रवाई कथित तौर पर भूमाफिया के इशारे पर की गई। उनका कहना है कि जिस जमीन पर यह कार्रवाई हुई, वहां किसी सरकारी भवन, सार्वजनिक परियोजना या अन्य जनहितकारी निर्माण के लिए उपयोग किए जाने का कोई प्रशासनिक निर्णय सामने नहीं आया है। ऐसी स्थिति में वर्षों से बसे गरीब और भूमिहीन परिवारों को उजाड़ना अनुचित है। भाकपा माले नेताओं ने सवाल उठाया कि यदि यह कार्रवाई कानून सम्मत थी, तो प्रभावित परिवारों को पहले सूचना क्यों नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई रक्षाबंधन जैसे पर्व के दिन की गई, जब अधिकांश लोग अपने घरों से बाहर थे। नेताओं का दावा है कि जब स्थानीय लोगों को कार्रवाई की जानकारी मिली और उन्होंने विरोध करना शुरू किया, तब प्रशासनिक अधिकारी और कर्मी घटनास्थल से लौट गए। नेताओं ने आशंका व्यक्त की कि पूरी कार्रवाई के पीछे निजी कब्जे का उद्देश्य हो सकता है और अंचल प्रशासन की भूमिका की जांच आवश्यक है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। भाकपा माले ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच के आधार पर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए। माकपा माले के नेता बोले- तत्काल राहत, पुनर्वास की व्यवस्था की जाए भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि घर उजाड़े जाने से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए। साथ ही भूमिहीन परिवारों को स्थायी रूप से वासभूमि का पर्चा, आवास तथा आने-जाने के लिए पहुंच पथ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि दलितों, गरीबों और भूमिहीनों के अधिकारों के सवाल पर पार्टी चुप नहीं बैठेगी। प्रभावित परिवारों को न्याय और स्थायी आवासीय अधिकार दिलाने के लिए आंदोलन को और तेज किया जाएगा। नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि गरीब परिवारों को उजाड़ने के बजाय उनके पुनर्वास और मूलभूत अधिकारों की गारंटी सुनिश्चित की जाए। इस मामले को लेकर अंचल अधिकारी आरती कुमारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि हाई कोर्ट के निर्देश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
Read full article on Bhaskar