politics
सलूंबर के लकापा में सड़क निकालने का विरोध:ग्रामीण ने पुश्तैनी जमीन से निकालने पर जताई आपत्ति, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
सलूंबर उपखंड की ग्राम पंचायत अदकालिया के गांव लकापा के ग्रामीणों ने अपनी खातेदारी एवं कब्जेशुदा कृषि भूमि से प्रस्तावित सड़क निकालने का विरोध किया है। इस संबंध में उन्होंने जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनकी पुश्तैनी जमीन से सड़क निकालने की तैयारी भूमाफियाओं और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से की जा रही है। निर्माण कार्य को रोकने और निष्पक्ष जांच की मांग ग्रामीणों ने प्रस्तावित सड़क निर्माण को तत्काल रुकवाने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि गांव लकापा के विभिन्न खसरा एवं खाता नंबरों में उनकी खातेदारी भूमि राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है। खसरा संख्या 37 सहित खाता संख्या 214, 288, 92 और 224 में दर्ज भूमि पर वे लंबे समय से खेती कर अपने परिवारों का जीवनयापन कर रहे हैं। राजस्व रिकॉर्ड एवं वास्तविक कब्जे की स्थिति स्पष्ट करने की मांग ग्रामीणों का कहना है कि यह जमीन उनके पूर्वजों से चली आ रही पुश्तैनी कृषि भूमि है और परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन भी यही है। उन्हें हाल ही में जानकारी मिली कि उनकी कब्जेशुदा कृषि भूमि के बीच से सड़क निकालने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद गांव के काश्तकार और ग्रामीण एकजुट हुए और जिला प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके की जांच करवाकर राजस्व रिकॉर्ड एवं वास्तविक कब्जे की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि बिना उनकी खातेदारी भूमि की स्थिति और आपत्तियों का निस्तारण किए यदि सड़क निकाली जाती है तो उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर प्रस्तावित सड़क का कार्य रोकने की मांग की। ज्ञापन सौंपने पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि वे गरीब एवं आदिवासी काश्तकार हैं और कृषि कार्य ही उनके परिवारों की आय का मुख्य जरिया है। ऐसे में जमीन का हिस्सा सड़क के लिए लिए जाने से उनकी आजीविका प्रभावित होगी। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ये रहे मौजूद ज्ञापन देने के दौरान गांव के बड़े-बुजुर्गों सहित कैसा दायमा, प्रताप दायमा, जगदीश दायमा, माना दायमा, वेला दायमा, खुमा दायमा, कचरू दायमा, ऊदलाल दायमा, दयाराम दायमा, नारायण निनामा, तुलसीराम, कालू दायमा, कन्हैयालाल दायमा, विमल दायमा, लक्ष्मण दायमा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि उनकी खातेदारी भूमि से सड़क निकालने की कार्रवाई शुरू होने से पहले प्रशासन मामले का समाधान करे, ताकि किसी भी काश्तकार के साथ अन्याय न हो।
Read full article on Bhaskar