politics
सिवनी में किन्नर समाज ने बाहरी किन्नरों की शिकायत की:कहा- महाराष्ट्र से आकर वसूली कर रहे, रोकने पर धमकी देते
सिवनी जिले में किन्नर समाज के दो गुटों के बीच इलाके और नेग वसूली को लेकर विवाद गहरा गया है। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे टिग्गा मोहल्ला निवासी गुरु कशिश किन्नर ने अपने साथियों के साथ कोतवाली थाने पहुंचकर दूसरे राज्यों से आ रहे किन्नरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। कशिश किन्नर और उनके साथियों का कहना है कि सिवनी शहर और आसपास के इलाकों में पीढ़ियों से उनके गुरुओं का पारंपरिक अधिकार रहा है। आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से महाराष्ट्र और अन्य राज्यों से आए किन्नर जिले के भोमा, कान्हीवाड़ा, पलारी, केवलारी और बरघाट जैसे इलाकों में जबरन नेग वसूल रहे हैं। स्थानीय किन्नरों का यह भी कहना है कि बाहरी गुट जिले में गैर-कानूनी तरीके से अपना 'गद्दीदार' बनाने की कोशिश कर रहे हैं। मना करने पर मिली गोली मारने की धमकी शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने बाहरी किन्नरों को अपने इलाके में आने से मना किया, तो नागपुर निवासी बेबी किन्नर और उसके चेले मुस्कान समेत अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। स्थानीय किन्नर समाज ने सुरक्षा की मांग करते हुए कार्रवाई की अपील की है। थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि स्थानीय किन्नर समाज की शिकायत मिल गई है। बाहरी किन्नरों द्वारा इलाका कब्जाने और गद्दीदार बनाने के आरोपों की जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar