top
शिक्षिका की हत्या के बाद स्कूलों की सुरक्षा बढ़ाई:लखीमपुर में16 बिंदुओं पर ऑडिट होगा, पैनिक बटन और स्टाफ सत्यापन अनिवार्य
लखीमपुर खीरी में चिल्ड्रंस एकेडमी की शिक्षिका की हत्या के बाद प्रशासन ने स्कूलों की सुरक्षा पर कड़े निर्देश दिए हैं। बुधवार दोपहर दो बजे डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने अटल सभागार में जिले के सभी स्कूल प्रबंधकों के साथ बैठक की। अधिकारियों ने स्कूलों में एक मुख्य एंट्री गेट बनाने, आने वालों की पहचान जांचने और विजिटर रजिस्टर रखना अनिवार्य किया है। सीसीटीवी कैमरों की लगातार निगरानी, डीवीआर की सुरक्षा, सुरक्षा गार्डों की तैनाती और स्टाफ का हर छह महीने में पुलिस वेरिफिकेशन कराने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने बताया कि हर स्कूल का 16 बिंदुओं की चेकलिस्ट से नियमित सुरक्षा ऑडिट किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी बीट पुलिसकर्मियों और स्कूलों के नोडल सुरक्षा अधिकारियों को दी जाएगी। स्कूलों में पैनिक बटन और इमरजेंसी अलार्म लगाने पर भी जोर दिया गया है। बैठक में स्कूल बैग की अचानक जांच करने, बाहरी लोगों के प्रवेश पर नजर रखने और संदिग्ध सामान मिलने पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। छात्रों को गुड टच-बैड टच, पॉक्सो कानून और इमरजेंसी नंबर 112, 1090 व 1098 की जानकारी देने के साथ मॉक ड्रिल कराने को भी कहा गया। डीएम ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को दोपहिया वाहन से स्कूल भेजते समय हेलमेट जरूर पहनाएं। उन्होंने कहा कि बच्चे बड़ों को देखकर सीखते हैं, इसलिए अभिभावक खुद भी ट्रैफिक नियमों का पालन कर मिसाल पेश करें।
Read full article on Bhaskar