crime
शादी का झांसा देकर किया रेप, आरोपी गिरफ्तार:फोटो वायरल करने की भी दी धमकी; बाइक चोर गिरोह का आरोपी भी पकड़ा
कोटा में महिला अत्याचार और वाहन चोरी के खिलाफ सिटी और ग्रामीण पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई की। नयापुरा थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ रेप करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी अभिषेक कुमार (24) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवती ने शादी का झांसा देकर होटल में ले जाकर दुष्कर्म करने और फोटो वायरल करने की धमकी देने के आरोप लगाए थे। सोशल मीडिया के जरिए हुई थी जान-पहचान पुलिस एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया- युवती की अभिषेक से सोशल मीडिया के जरिए जान-पहचान हुई थी। इसके बाद आरोपी ने शादी करने का झांसा देकर उसे नयापुरा क्षेत्र की होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में फोटो वायरल करने की धमकी देकर एक अन्य होटल में भी ले गया। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। तकनीकी सहायता और सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बाइक चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार कोटा ग्रामीण के देवली मांझी थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी मामले में आरोपी गौतम मोग्या (19) निवासी पखराना झालावाड़ को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार- 16 अगस्त को चौमेश्वर महादेव मंदिर के बाहर से करण सिंह की मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी तक पहुंची। घटना के चार दिन बाद आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर दो अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने साथियों के साथ अन्य बाइक चोरी की वारदातें करना भी स्वीकार किया है। उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
Read full article on Bhaskar