crime
शातिर चोर गिरफ्तार, 5 लाख के जेवर बरामद:किराना दुकान में चोरी के मामले में पकड़ा, ज्वेलरी शॉप सहित कई वारदातें कबूली
डूंगरपुर कोतवाली थाना पुलिस ने नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 5 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। आरोपी से पूछताछ में राजस्थान और गुजरात के विभिन्न इलाकों में चोरी और नकबजनी की कई वारदातों का खुलासा हुआ है। कोतवाली थानाधिकारी हिमांशु सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान कलाल घाटा निवासी हाजा उर्फ गोविंद (26) पुत्र बबला रोत मीणा के रूप में हुई है। आरोपी को 8 जुलाई की रात एक किराना दुकान में चोरी करते समय पकड़ा गया था। दुकानदार ने अगले दिन शटर टूटा देखा और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया जिसके गले पर तीन स्टार जैसा निशान था। पुलिस ने फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने भंडारिया फला नीचला स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में हुई चोरी की वारदात को भी कबूल किया है। उसने बताया कि वह दिन में दुकानों और सूने घरों की रेकी करता था और रात में वारदात को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के जेवर बरामद किए हैं। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदातें करना कबूल किया है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2025 में अहमदाबाद के सत्ताधार और सरखेज क्षेत्रों में मकानों से सोने-चांदी के जेवर व नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की है। उसने सरखेज में एक व्यक्ति से लूट की वारदात भी कबूली है। फरवरी 2026 में अहमदाबाद के झांसी की रानी रोड स्थित एक मकान से जेवर चोरी की वारदात में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है। इसके अलावा करीब दो महीने पहले रामसागड़ा थाना क्षेत्र के माड़ा गांव में एक ज्वेलर्स की दुकान से 500 ग्राम चांदी चोरी कर साथी को बेचने और 10 दिन पहले उदयपुर में एक मकान का ताला तोड़ने का प्रयास करने की बात भी उसने कबूली है।
Read full article on Bhaskar