crime
श्राद्ध का भोजन खाने के बाद 20 की तबीयत बिगड़ी:बिहटा के कंचनपुर गांव में 12 बड़े और 8 बच्चे बीमार, तीन एंबुलेंस से अस्पताल लाए गए सभी
बिहटा के कंचनपुर गांव में सोमवार रात श्राद्ध कर्म का भोजन खाने के करीब 10 घंटे बाद 20 लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बीमार लोगों में 12 बड़े और 8 बच्चे शामिल हैं। सभी को बुखार के साथ ठंड लगने की शिकायत हुई। एक साथ इतने लोगों के बीमार पड़ने से गांव में हड़कंप मच गया। बीडीओ और सीओ ने दिए आवश्यक निर्देश मामले की जानकारी मिलने पर बीडीओ शिवजन्म राम और सीओ राकेश कुमार सिंह ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए बिहटा रेफरल अस्पताल की डॉक्टर इंचार्ज निशिता सिन्हा को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद अस्पताल से तीन एंबुलेंस कंचनपुर गांव भेजी गईं। एंबुलेंस से सभी करीब 20 मरीजों को बिहटा रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने इलाज शुरू किया। 12 बड़े और 8 बच्चों की तबीयत खराब हुई बीडीओ शिवजन्म राम ने बताया कि 12 बड़े और 8 बच्चों की तबीयत खराब हुई है। सभी को बुखार की शिकायत है। फिलहाल किसी की हालत गंभीर नहीं है। अस्पताल में 6 से 7 स्वास्थ्यकर्मी मरीजों के इलाज और निगरानी में लगे हैं। वहीं, सीओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बीमार लोगों को बुखार के साथ ठंड लगने की शिकायत है। सभी का डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है और फिलहाल स्थिति सामान्य है। खाना खाने के 10 घंटे बाद बिगड़ी तबीयत श्राद्ध कर्म में भोजन करने के करीब 10 घंटे बाद एक साथ 20 लोगों की तबीयत बिगड़ने से ग्रामीणों में चिंता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों की जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सभी के बीमार होने की वजह क्या है।
Read full article on Bhaskar