crime
श्रीसांवलियाजी जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप पलटी, एक की मौत:ओवरटेक करने के चक्कर में ट्रक ने मारी टक्कर, तीन घायल
अजमेर से मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्रीसांवलियाजी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप रविवार को नरधारी पुलिया के पास हादसे का शिकार हो गई। पीछे से आ रहे ट्रक ने पिकअप को ओवरटेक करने के दौरान टक्कर मार दी। इससे पिकअप का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई। हादसे में पिकअप ड्राइवर की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हो गए। सभी घायल आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। ओवरटेक करते समय पिकअप से टकराया ट्रक जानकारी के अनुसार, पिकअप अजमेर से श्रीसांवलियाजी मंदिर की ओर जा रही थी। नरधारी पुलिया के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने पिकअप को ओवरटेक करना शुरू किया। इसी दौरान ट्रक का पिछला हिस्सा पिकअप से टकरा गया। टक्कर लगते ही पिकअप चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया। अचानक हुए हादसे के कारण पिकअप में बैठे श्रद्धालुओं को संभलने का मौका नहीं मिला। राहगीरों ने घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने तुरंत पिकअप में फंसे घायलों को बाहर निकाला और जिला हॉस्पिटल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलने पर भादसोड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। एक की मौत, परिवार के तीन सदस्य घायल हादसे में पिकअप ड्राइवर रामकुमार मंडा (46) की मौत हो गई। वहीं सुखराम पुत्र भवरूराम, उनकी पत्नी कमला और रामकुमार की पत्नी गीता देवी घायल हो गईं। तीनों का जिला हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है और डॉक्टरों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों को भी जानकारी दी गई। इसके बाद परिवार के सदस्य नागौर से रवाना हो गए। परिजनों के पहुंचने के बाद होगा पोस्टमार्टम पुलिस ने मृतक के शव को जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। नागौर से परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रक और उसके ड्राइवर के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार जांच पूरी होने के बाद हादसे के सही कारण सामने आएंगे।
Read full article on Bhaskar