lifestyle
शेखपुरा में 100 हफ्ते का नशामुक्ति युवा अभियान शुरू:पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्रों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ; 1933 हेल्पलाइन की दी जानकारी
शेखपुरा में रविवार को ‘नशा मुक्ति युवा संकल्प अभियान’ शुरू किया गया। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के सहयोग से ‘माय भारत’ की ओर से आयोजित कार्यक्रम शेखोपुर सराय प्रखंड के खुरिया स्थित सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में हुआ। राष्ट्रव्यापी अभियान 100 सप्ताह तक चलेगा। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ व जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है। छात्र-छात्राओं ने ली नशे से दूर रहने की शपथ कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। युवाओं को नशामुक्त समाज बनाने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। युवाओं को ‘माय भारत पोर्टल’ पर ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज’ में हिस्सा लेने के लिए भी प्रेरित किया गया। उन्हें बताया गया कि इसके जरिए युवा अपनी क्षमता और विचारों को सामने रख सकते हैं। नशे से परिवार और समाज पर पड़ता है असर जिला युवा पदाधिकारी विवेक वैष्णवी ने छात्र-छात्राओं से किसी भी तरह के नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे का असर केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर नहीं पड़ता, बल्कि इससे परिवार और समाज भी प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त जीवन अपनाने से युवा अपनी ऊर्जा का सकारात्मक इस्तेमाल कर सकते हैं और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभा सकते हैं। मानस पोर्टल और 1933 हेल्पलाइन की जानकारी कार्यक्रम में युवाओं को डिजिटल माध्यम से सहायता और जानकारी हासिल करने के लिए मानस पोर्टल और 1933 हेल्पलाइन नंबर के बारे में बताया गया। युवाओं को समझाया गया कि जरूरत पड़ने पर इन माध्यमों से सहायता ली जा सकती है। विशेष सत्र में जिला युवा पदाधिकारी ने युवाओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने नशे से जुड़े विभिन्न विषयों पर युवाओं के सवाल सुने और उनकी शंकाओं का समाधान किया। साथ ही स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने के लिए जरूरी मार्गदर्शन दिया। स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने निभाई भूमिका कार्यक्रम को सफल बनाने में माय भारत के स्वयंसेवक मनोहर कुमार बिंद, ज्योति कुमारी और पॉलिटेक्निक कॉलेज के विद्यार्थियों ने भूमिका निभाई। कार्यक्रम में पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य कुणाल गौतम, गोपाल कुमार, प्रभात कुमार और अमलेश पासवान समेत अन्य लोग मौजूद रहे। जिला युवा पदाधिकारी विवेक वैष्णवी ने युवाओं और आयोजन से जुड़े लोगों को कार्यक्रम में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।
Read full article on Bhaskar