politics
शक्कर-तेल की महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन:नर्मदापुरम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोलक, मंजीरा बजाई, जिला अध्यक्ष बोले- महंगाई की मार झेल रही जनता
रक्षाबंधन से पहले शक्कर और तेल के बढ़ते दामों के विरोध में मंगलवार को नर्मदापुरम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। शाम 5 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता सतरास्ते से इंदिरा चौक तक ढोलक और मंजीरे के साथ निकले। इस दौरान उन्होंने महंगाई को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ गीत गाए और नारे लगाए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि पहले सोने और चांदी के दाम बढ़े, जिससे ये आम लोगों की पहुंच से दूर हो गए। इसके बाद पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम बढ़े। अब रक्षाबंधन के समय शक्कर, तेल, गुड़ और दालों के दाम बढ़ने के बाद सब्जियों के भाव भी बढ़ रहे हैं। महंगाई से आम जनता परेशान पांडेय ने बढ़ती महंगाई के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां पूरी तरह विफल हैं और आम लोग, गरीब और मध्यम वर्ग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम जनता के अधिकारों और हितों के लिए हमेशा आवाज उठाती रही है। यदि महंगाई पर रोक नहीं लगी तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने सरकार से महंगाई को गंभीरता से लेते हुए लोगों को राहत देने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर गांव-गांव और शहर-शहर आंदोलन करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन में नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमलेश बाथरे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा, किसान कांग्रेस नगर अध्यक्ष शिवमंगल चौहान, सेवा दल अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar