crime
शहडोल में मारपीट केस में फरार आरोपी गिरफ्तार:युवक पर हमले के बाद ससुराल में छिपा था, कोर्ट ने जेल भेजा
शहडोल के सोहागपुर में 26 जुलाई को यमी स्पाइसी होटल के सामने हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अब्दुल हमीद उर्फ लल्लू खान (निवासी सोहागपुर) घटना के बाद से फरार था और अपने ससुराल ग्राम पटसी में छिपा हुआ था, जिसे शनिवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पकड़ा। पुलिस के मुताबिक विवाद की शुरुआत बेहद मामूली बात पर हुई थी। होटल के सामने खड़े युवकों की तरफ एक गाड़ी के टायर से पत्थर उछलकर चला गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और बात मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि सोहागपुर के कुछ युवकों ने आकाश पाठक और उसके दोस्तों को घेरकर लाठी-डंडों से पीट दिया था। मेडिकल रिपोर्ट के बाद बढ़ीं गंभीर धाराएं घटना के बाद पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज किया था। हालांकि, पीड़ित आकाश पाठक को गंभीर चोटें आने की मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने मामले में गैर-जमानती धाराएं बढ़ा दीं। पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले में अब तक 15 से ज्यादा लोगों पर कार्रवाई की जा चुकी है। पकड़े गए आरोपी अब्दुल हमीद को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Read full article on Bhaskar